वर्डप्रैस एवं वर्डप्रैस.कॉम में अंतर तथा तुलनात्मक समीक्षा
इस पोस्ट को लिखने का विचार तो कई दिनों से था। हाल ही में एक साथी चिट्ठाकार द्वारा पूछने पर इस बारे में लिखने की ठान ही ली। अक्सर नए चिट्ठाकार वर्डप्रैस तथा वर्डप्रैस.कॉम में अन्तर नहीं समझ पाते। कई बार तो पुराने चिट्ठाकार भी (अति पुराने नहीं) इस मामले में भ्रमित रहते हैं तथा दोनों को केवल वर्डप्रैस लिख देते हैं। अब इसके दो कारण हैं एक तो दोनों सॉफ्टवेयर काफी मिलते जुलते हैं। दूसरा वर्डप्रैस.कॉम सेवा एकाध साल पहले ही शुरु हुई है अतः इस मामले में पहले अक्सर भ्रम रहता था लेकिन समय बीतने के साथ इस बारे में जागरुकता बढ़ती जा रही है। यह लेख दोनों सेवाओं की तुलनात्मक समीक्षा के साथ साथ उनमें मूल अंतर भी सपष्ट करता है।
वर्डप्रैस: पहले बात की जाए वर्डप्रैस की। वर्डप्रैस एक मुक्त स्त्रोत (Open Source) ब्लॉगिंग सॉफ्टवेयर है जो कि WordPress.Org वेबसाइट पर मुफ्त में डाउन लोड के लिए उपलब्ध है। अपने कम्प्यूटर पर इसे डाउनलोड करने के उपरांत आपको इसे अपने वेबसर्वर पर स्थापित करना होता है। अर्थात इसके लिए आपको इंटरनैट पर होस्टिंग सेवाओं से वेबस्पेस तथा डोमेन नेम खरीदना होगा, कुछ साइटें वेबस्पेस के साथ डोमेन नेम मुफ्त में देती हैं। आपका अगला कदम होगा खरीदे गए वेबस्पेस पर वर्डप्रैस सॉफ्टवेयर को अपलोड करके इंस्टाल करना। बाद में आप इसमें मनोवांछित थीम्स तथा प्लगइन आदि अपलोड कर सकते हैं जो कि इंटरनैट पर सैकड़ों की संख्या में मुफ्त में डाउनलोड के लिए उपलब्ध हैं।
वर्डप्रैस संचालित कुछ ब्लॉगों के उदाहरण हैं: निठल्ला चिंतन, नुक्ताचीनी तथा मेरा पन्ना आदि।
वर्डप्रैस.कॉम: एक साइट है जो कि मुफ्त में ब्लॉग बनाने की सुविधा प्रदान करती है। इसमें आपका ब्लॉग उपरोक्त साइट पर ही होस्ट होता है तथा आपका सबडोमेन yourname. wordpress.com जैसा होता है। अतः इसमें आपको अपने वेबस्पेस तथा डोमेन नेम की आवश्यकता नहीं। असल में यह वर्डप्रैस सॉफ्टवेयर का ही एक मल्टीयूजर संस्करण है जिसे वर्डप्रैस.कॉम की साइट पर होस्ट किया गया होता है। इस साइट पर लाखों ब्लॉग एक ही वेबसर्वर पर होस्ट होते हैं। अब आपको कि अगर यहाँ सा मुफ्त में है तो पहले वाली सेवा की आवश्यकता क्या है। वर्डप्रैस.कॉम की कई सीमांए (Limitations) हैं। उदाहरण के लिए इसमें आप थीम्स तथा प्लगइन अपलोड नहीं कर सकते। क्योंकि इसके लिए वर्डप्रैस सॉफ्टवेयर में परिवर्तन करना होगा, ऐसा करने पर साइट पर होस्ट सभी ब्लॉगों में परिवर्तन होगा।
वर्डप्रैस.कॉम संचालित कुछ ब्लॉगों के उदाहरण हैं: दस्तक, आईना तथा इन्द्रधनुष आदि।
वर्डप्रैस की खूबियाँ
» थीम तथा प्लगइन अपलोड कर सकते हैं।
» थीम संपादन की सुविधा होने से थीम को मनोवांछित रुप से संशोधित कर सकते हैं।
» उपरोक्त कारण से ही ब्लॉग का पूर्ण रुप से हिन्दीकरण किया जा सकता है।
» ब्लॉग पर कोड का प्रयोग करने में किसी भी प्रकार की बंदिश नहीं।
वर्डप्रैस की कमियाँ
» इसके लिए वेबस्पेस तथा डोमेन नेम की आवश्यकता है। दोनों का लगभग सालाना ९००-१००० रुपए खर्च पड़ता है।
» इसको इंस्टाल, सेटअप तथा मेंन्टेन करने के लिए तकनीकी ज्ञान तथा अनुभव की आवश्यकता है।
» आपको स्पैम रोकने के लिए प्लगइन लगाने होंगे। इसके अतिरिक्त बैकअप लेने का भी स्वंय प्रबंध करना होगा।
» सॉफ्टवेयर का नया संस्करण आने पर आपको सॉफ्टवेयर को स्वंय अपग्रेड करना होगा।
वर्डप्रैस.कॉम की खूबियाँ
» यह पूर्णतया मुफ्त है। इसके लिए आपको अंटी से एक रुपया भी खर्च करने की जरुरत नहीं।
» इस पर ब्लॉग बनाना अत्यंत आसान है। इसके लिए आपको किसी तकनीकी ज्ञान की आवश्यकता नहीं।
» सॉफ्टवेयर का नया संस्करण आने पर यह साइट पर वर्डप्रैस.कॉम टीम द्वारा स्वतः अपग्रेड कर दिया जाता है।
» इसमें आपका ब्लॉग कई सर्वरों पर होस्ट होता है तथा ब्लॉग का हर घंटे बैकअप लिया जाता है। आपको बैकअप की चिंता करने की कोई आवश्यकता नहीं।
» इसमें सुरक्षा के तमाम इंतजाम हैं जिनमें अकिस्मत का स्पैमगार्ड भी शामिल है जो कि अधिकतर स्पैम को ब्लॉक कर लेता है।
वर्डप्रैस.कॉम की कमियाँ
» केवल सीमित संख्या में थीम उपलब्ध हैं। यद्यपि समय समय पर और जोड़ी जाती रहती हैं।
» थीम को संपादित नहीं किया जा सकता जिस कारण ब्लॉग को मनोवांछित रुप नहीं दिया जा सकता।
» उपरोक्त कारण से ही ब्लॉग का पूर्णतया हिन्दीकरण नहीं किया जा सकता।
» थीम्स तथा प्लगइन्स को अपलोड नहीं किया जा सकता। अतः आपको साइट पर उपलब्ध संसाधनों पर ही निर्भर रहना पढ़ता है।
» इसमें ब्लॉग तथा पोस्ट में कोड पर कई बंदिशें हैं। केवल सीमित मात्रा में HTML टैग प्रयोग किए जा सकते हैं जिससे आप Flash तथा मनचाहे ऑडियो-वीडियो आदि का प्रयोग नहीं कर सकते। इसके अतिरिक्त JavaScript प्रतिबंधित है जिससे आप कई प्रकार के एडऑन आदि नहीं लगा सकते।
»विज्ञापन नहीं लगा सकते। अतः व्यावसायिक रुझान वाले चिट्ठाकारों के लिए यह कतई उपयुक्त नहीं। यदि आप थोड़ा सा भी इस बारे में सीरियस हैं तो इसे कतई न चुनें। हो सकता है किसी दिन जाकर आज्ञा मिल भी जाए तो वह इसके लिए पैसे लेंगे बोले तो कमाई बाद में खर्चा पहले।
» वर्डप्रैस.कॉम की सभी कमियाँ के बारे में विस्तार से यहाँ पढ़िए।
निष्कर्ष: हालांकि वर्डप्रैस एक अति उत्तम बल्कि सर्वाधिक फीचर युक्त ब्लॉगिंग सॉफ्टवेयर है। लेकिन इसके लिए आपको अपना वेबस्पेस तथा डोमेन नेम चाहिए होता है। इसके अतिरिक्त इसे अपलोड तथा इंस्टाल करने के लिए थोड़े अनुभव की भी आवश्यकता है। दूसरी ओर वर्डप्रैस.कॉम सभी प्रकार से मुफ्त होने के बावजूद सीमित कई सीमाओं युक्त है।
गूगल द्वारा संचालित एक अन्य ब्लॉगिंग सेवा है ब्लॉगर। यह भी वर्डप्रैस.कॉम की तरह पूर्णतया मुफ्त सेवा है जो कि ब्लॉगस्पॉट पर होस्ट होती है। परंतु इसमें वर्डप्रैस.कॉम की तरह सीमांए नहीं। अतः नए चिट्ठाकारों हेतु यह सबसे उपयुक्त ब्लॉगिंग सेवा है। ब्लॉगर तथा वर्डप्रैस.कॉम की तुलना हेतु मेरी यह पोस्ट पढ़िए। कृपया दिए गए लिंक पर टिप्पणी द्वारा अपनी राय भी व्यक्त कीजिए।
एक पंक्ति में सार यह है कि यदि आप अपना वेबस्पेस तथा डोमेन नेम खरीदने हेतु तैयार हैं तो वर्डप्रैस अपनाएं अन्यथा ब्लॉगर।
ब्लॉगर तथा वर्डप्रैस.कॉम संबंधी किसी भी सहायता के लिए आप मुझसे तथा वर्डप्रैस संबंधी किसी भी सहायता के लिए आप जीतेंद्र चौधरी तथा तरुण जोशी से संपर्क कर सकते हैं।
संबंधित कड़ियाँ
ब्लॉगर
वर्डप्रैस.ऑर्ग
वर्डप्रैस.कॉम (हिन्दी)
वर्डप्रेस को अपने वैब सर्वर पर स्थापित करना @ सर्वज्ञ



9 टिप्पणियाँ:
एक पंक्ति में सार यह है कि यदि आप अपना वेबस्पेस तथा डोमेन नेम खरीदने हेतु तैयार हैं तो वर्डप्रैस अपनाएं अन्यथा ब्लॉगर।
Ye kya baat hui bhai :) Blogger.com bhi FTP se publishing ki suvidha deta hai, "Jo na Keh sake" aur "Devanaagarii.net" apni hosting aur apne domain per Blogger.com ka prayog lar rahe hein. Ab to Blogger apna domain name bhi istemaal karne de raha hai. Jist thaali mein khaate ho ussi mein chhed ;)
इस स्पष्ट मार्गदर्शन से नए ब्लॉग बनाने वालों को काफी मदद मिलेगी। इसकी कड़ी यदि परिचर्चा में "नए ब्लॉगरों के लिए सहायता" फोरम में एक थ्रेड में डाल दी जाए तो सबके लिए अधिक उपयोगी होगी।
इस साइट पर लाखों ब्लॉग एक ही वेबसर्वर पर होस्ट होते हैं।
व्यहवारिक रूप से यह असंभव है। आखिरी गिनती के अनुसार उनके पास 150 से अधिक सर्वर 2-3 डॉटासेन्टरों में हैं। ;)
इसको इंस्टाल, सेटअप तथा मेंन्टेन करने के लिए तकनीकी ज्ञान तथा अनुभव की आवश्यकता है।
कोई तकनीकी ज्ञान की आवश्यकता नहीं है। अधिकतर वेबहोस्ट इसको एक क्लिक में इन्स्टॉल करने की सुविधा देती हैं।
आपको स्पैम रोकने के लिए प्लगइन लगाने होंगे। इसके अतिरिक्त बैकअप लेने का भी स्वंय प्रबंध करना होगा।
आसान कार्य है और सिर्फ़ एक बार का झंझट है।
सॉफ्टवेयर का नया संस्करण आने पर आपको सॉफ्टवेयर को स्वंय अपग्रेड करना होगा।
जो सेवाएँ एक क्लिक इंस्टॉल वाली सुविधा देती हैं वे एक क्लिक पर अपग्रेड की सुविधा भी देती हैं।
थीम को संपादित नहीं किया जा सकता जिस कारण ब्लॉग को मनोवांछित रुप नहीं दिया जा सकता।
वर्डप्रैस.कॉम पर थीम को संपादित कर उसकी CSS द्वारा उसके रूप-रंग के साथ-२ उसका layout भी बदला जा सकता है, बस आपको तकरीबन $15 सालाना शुल्क देना होगा।
थीम्स तथा प्लगइन्स को अपलोड नहीं किया जा सकता। अतः आपको साइट पर उपलब्ध संसाधनों पर ही निर्भर रहना पढ़ता है।
शीघ्र ही वे लोग अपनी थीम और प्लगिन लगाने की सुविधा भी देंगे लेकिन उसके लिए भी अंटी से पैसे खर्चने होंगे। ;)
इसमें ब्लॉग तथा पोस्ट में कोड पर कई बंदिशें हैं। केवल सीमित मात्रा में HTML टैग प्रयोग किए जा सकते हैं जिससे आप Flash तथा मनचाहे ऑडियो-वीडियो आदि का प्रयोग नहीं कर सकते। इसके अतिरिक्त JavaScript प्रतिबंधित है जिससे आप कई प्रकार के एडऑन आदि नहीं लगा सकते।
ऑडियो-वीडियो लगाने के जुगाड़ उपलब्ध हैं, इसमें कोई दिक्कत नहीं है।
हालांकि वर्डप्रैस एक अति उत्तम बल्कि सर्वाधिक फीचर युक्त ब्लॉगिंग सॉफ्टवेयर है। लेकिन इसके लिए आपको अपना वेबस्पेस तथा डोमेन नेम चाहिए होता है।
कौन बोला? इंटरनेट पर बहुत से फोकटी वेबहोस्ट भी हैं जो वर्डप्रैस.कॉम की भांति आपको एक सबडोमेन दे देंगे और वेबस्पेस दे देंगे जहाँ आप वर्डप्रैस सॉफ़्टवेयर इंस्टॉल कर सकते हैं। बस फ़र्क सिर्फ़ यह है कि वे आपके ब्लॉग पर अपने विज्ञापन दिखाएँगे लेकिन यदि आप चाहें तो आप अपने विज्ञापन भी लगा सकते हैं।
अंततः यही कहूँगा कि मुझे यह समीक्षा निष्पक्ष नहीं लग रही, वरन् वर्डप्रैस(दोनों, सॉफ़्टवेयर तथा होस्टेड सेवा) की कमियों को प्रकाश में ला ब्लॉगर को प्रमोट कर रही है!! ;)
@debashish,
आपकी बात सौ फीसदी सच है दादा। ब्लॉगर FTP पब्लिशिंग की पहले से ही अनुमति देता है और अब अपना डोमेन नेम भी प्रयोग करने दे रहा है।
लेकिन पते की बात यह है न कि अगर आपके पास अपना वेबस्पेस और डोमेन नेम है तो फिर वर्डप्रैस का प्रयोग क्यों न किया जाए। यह तो आप भी मानते हैं न कि वर्डप्रैस ब्लॉगर से बेहतर है तभी तो आप भी ब्लॉगर से वर्डप्रैस पर गए। आप ही तो कहते हैं कि, "One must see things in context". :)
@हरिराम,
हरिराम जी अभी तो इस तरह की कई पोस्टें लिखनी हैं फिर उनको संकलित करके एक पोस्ट पर सबके लिंक डाल दूंगा तथा साइडबार में 'नए ब्लॉगरों के लिए' नाम एक अलग विजेट बनाकर उसमें सब के लिंक डाल दूँगा।
अमित सबसे पहले तो धन्यवाद कि आपने मेरे लेख तो ध्यानपूर्वक पढ़ा तो अच्छी सी टिप्पणी की। सच में कोई लेख को ढंग से पढ़कर टिप्पणी करता है तो मेहनत सफल लगती है।
आपकी ज्यादातर बातें सही हैं। पर मैं देवाशीष जी वाली बात कहूँगा, "One must see things in context".
सबसे पहले तो यह लेख मैंने मूल रुप से वर्डप्रैस तथा वर्डप्रैस.कॉम में अंतर सपष्ट करने के लिए लिखा था परंतु फिर लिखते लिखते इसने समीक्षा का रुप ले लिया। दूसरी बात यह लेख मैंने ब्लॉगिंग में एकदम नए आदमी को केंद्र में रखकर लिखा है। जो सलाह दी गई है वह भी उसी मुताबिक है।
"इस साइट पर लाखों ब्लॉग एक ही वेबसर्वर पर होस्ट होते हैं।"
हाँ उपरोक्त लाइन में तकनीकी गलती लग गई। 'वेबसर्वर' की बजाय 'साइट' आना चाहिए था। 'वर्डप्रैस.कॉम की खूबियाँ' के अंतर्गत लिखे गए चौथे प्वाइंट में मैंने खुद कहा कि ब्लॉग कई सर्वरों पर होस्ट होता है।
"कोई तकनीकी ज्ञान की आवश्यकता नहीं है। अधिकतर वेबहोस्ट इसको एक क्लिक में इन्स्टॉल करने की सुविधा देती हैं।
आसान कार्य है और सिर्फ़ एक बार का झंझट है।
जो सेवाएँ एक क्लिक इंस्टॉल वाली सुविधा देती हैं वे एक क्लिक पर अपग्रेड की सुविधा भी देती हैं।"
यहाँ पर आप एक बात भूल रहे हैं कि हर बंदा आपकी तरह कम्प्यूटर क्षेत्र से जुड़ा नहीं होता। जो चीज आपके लिए चुटकी का खेल है वो कुछ नए लोगों के लिए जो अभी ब्लॉगिंग से परिचित ही हुए हैं, आसान नहीं। आप जानकर हैरान होंगे कि मुझसे कुछ साथियों ने ब्लॉग का नाम बदलने तक के लिए मदद मांगी है।
हाँ कुछ महीनों के अनुभव के बाद हर कोई इस काम को कर सकता है लेकिन यहाँ आप ध्यान दीजिए कि मैंने बार बार 'नए' चिट्ठाकार शब्द का प्रयोग किया है।
एक अन्य बात इन कामों को 'मुश्किल' मैं नहीं 'वर्डप्रैस की डॉक्य़ूमेंटेशन' खुद बताती है।
"वर्डप्रैस.कॉम पर थीम को संपादित कर उसकी CSS द्वारा उसके रूप-रंग के साथ-२ उसका layout भी बदला जा सकता है, बस आपको तकरीबन $15 सालाना शुल्क देना होगा।"
शीघ्र ही वे लोग अपनी थीम और प्लगिन लगाने की सुविधा भी देंगे लेकिन उसके लिए भी अंटी से पैसे खर्चने होंगे। ;)"
भैया जी CSS Upgrade के बारे में मैं भी जानता हूँ लेकिन जब पैसे ही खर्चने हैं तो क्यों न वर्डप्रैस इस्तेमाल किया जाए जहाँ पूरी आजादी होगी।
बोले तो आप भी मानते हैं न कि वो हर सुविधा देने के लिए पैसे लेंगे। :)
जबकि ब्लॉगर में तो यह सब काम मुफ्त में होता है।
"ऑडियो-वीडियो लगाने के जुगाड़ उपलब्ध हैं, इसमें कोई दिक्कत नहीं है।"
हाँ लेकिन ऊपर देखिए मैंने 'मनचाहा' शब्द इस्तेमाल किया है। वर्डप्रैस.कॉम में आप केवल Odeo.Com के ऑडियो तथा केवल Google Video, Youtube, Groupper एवं DailyMotion के वीडियो लगा सकते हैं। इंटरनेट पर सैकड़ों मजेदार ऑडियो/वीडियो हैं जो इन साइटों पर नहीं हैं उन्हें आप वर्डप्रैस.कॉम में नहीं लगा सकते। इस बारे में पहले विस्तार से लिख चुका हूँ।
"कौन बोला? इंटरनेट पर बहुत से फोकटी वेबहोस्ट भी हैं जो वर्डप्रैस.कॉम की भांति आपको एक सबडोमेन दे देंगे और वेबस्पेस दे देंगे जहाँ आप वर्डप्रैस सॉफ़्टवेयर इंस्टॉल कर सकते हैं। बस फ़र्क सिर्फ़ यह है कि वे आपके ब्लॉग पर अपने विज्ञापन दिखाएँगे लेकिन यदि आप चाहें तो आप अपने विज्ञापन भी लगा सकते हैं।"
सत्यवचन लेकिन जीतू भाई आदि बुजुर्गों से सुना है कि इस तरह के जुगाड़ कामयाब (बोले तो फिट चीज) नहीं होते, कामचलाऊ होते हैं।
मैंने भी एक बार फोकट की URL रिडायरेक्टर सेवा प्रयोग की थी, तो भैया उनकी शर्त थी कि हमारा लोगो अपने ब्लॉग पर लगा कर रखो। मैंने अच्छा खासा लगा रखा था लेकिन फिर भी एक दिन फ्री का डोमेन एक्सपायर हो गया।
वैसे फ्री के जुगाड़ों के बारे में कुछ कह नहीं सकता। कुछ ऐसी साइटों के बारे में बता सकते हैं क्या ?
"अंततः यही कहूँगा कि मुझे यह समीक्षा निष्पक्ष नहीं लग रही, वरन् वर्डप्रैस(दोनों, सॉफ़्टवेयर तथा होस्टेड सेवा) की कमियों को प्रकाश में ला ब्लॉगर को प्रमोट कर रही है!! ;)"
मेरी कोशिश रहती है कि मेरी सभी समीक्षाएं निष्पक्ष ही हों। हाँ निष्कर्ष निकालते हुए थोड़ा व्यक्तिगत जरुर हो जाता हूँ, अब आखिर इन्सान हूँ भैया। लेकिन बाकी सब बातें तथ्यपरक ही लिखता हूँ। आप ही बताओ ऊपर गलत बात किस लाइन में लिखी है। :)
वैसे ये समीक्षा वर्डप्रैस.कॉम Vs ब्लॉगर नहीं, उसके लिए यह पोस्ट पढ़ी जा सकती है।
अंत में फिर दोहराऊंगा।
» फ्री के जुगाड़ में ब्लॉगर, वर्डप्रैस.कॉम से बेहतर है।
» पैसे खर्चने हैं तो वर्डप्रैस सबसे बेहतर है।
अमित सबसे पहले तो धन्यवाद कि आपने मेरे लेख तो ध्यानपूर्वक पढ़ा तो अच्छी सी टिप्पणी की।
भाया, मेरा भरसक प्रयत्न रहता है कि मैं, बकौल जीतू भाई, फ़ुरसतिया इश्टाईल में सिर्फ़ टिप्पणियाँ आदि पढ़ "वाह वाह" न लिखूँ, इसलिए मैं पोस्ट तो पूरी ही पढ़ता हूँ और फ़िर अपनी सोच के अनुसार जो टिप्पणी माफ़िक लगती है वह करता हूँ। अब कभी कभी टिप्पणी बड़ी हो जाती है(जैसे इस पोस्ट पर) तो लेखक समझता है कि अच्छे से पढ़कर की है और कभी टिप्पणी एक पंक्ति की ही होती है तो लेखक समझता है कि बिना पढ़े की है, जबकि दोनो ही वाक्यों में मैं पूरा पढ़ता हूँ।
यहाँ पर आप एक बात भूल रहे हैं कि हर बंदा आपकी तरह कम्प्यूटर क्षेत्र से जुड़ा नहीं होता। जो चीज आपके लिए चुटकी का खेल है वो कुछ नए लोगों के लिए जो अभी ब्लॉगिंग से परिचित ही हुए हैं, आसान नहीं।
कभी न कभी तो शुरुआत करनी ही है। मैं भी कोई कंप्यूटर/इंटरनेट संबन्धी ज्ञान लेकर तो पैदा हुआ नहीं था!! ;) जब कंप्यूटर और इंटरनेट की दुनिया में कदम रख दिया है तो सीखने से क्या डरना? यह तो ठीक वैसा हुआ कि नई गाड़ी ली लेकिन चलानी नहीं आती और सीखना भी नहीं चाहते। तो ऐसी स्थिति में तो ड्राईवर ही रखा जा सकता है!! :)
आप जानकर हैरान होंगे कि मुझसे कुछ साथियों ने ब्लॉग का नाम बदलने तक के लिए मदद मांगी है।
कोई बड़ी बात नहीं है यार, मैंने इससे भी अधिक अनुभव किया है, होता है, बंदा पूछ के या पढ़ के ही तो आगे बढ़ेगा।
हाँ कुछ महीनों के अनुभव के बाद हर कोई इस काम को कर सकता है लेकिन यहाँ आप ध्यान दीजिए कि मैंने बार बार 'नए' चिट्ठाकार शब्द का प्रयोग किया है।
आप भी ध्यान दो मैंने "एक क्लिक इंस्टॉल" कहा है, यानि कि one click install, जिसके अंतर्गत सिर्फ़ एक फ़ॉर्म भरो(यानि अपना ईमेल पता, ब्लॉग का जो नाम चाहिए इत्यादि) और बटन दबा दो, ब्लॉग को वो "एक क्लिक इंस्टॉल" वाली स्क्रिप्ट इंस्टॉल कर देगी, कोई सिरदर्दी नहीं कोई टेन्शन नहीं और किसी तकनीकी ज्ञान की आवश्यकता नहीं।
एक अन्य बात इन कामों को 'मुश्किल' मैं नहीं 'वर्डप्रैस की डॉक्य़ूमेंटेशन' खुद बताती है।
स्वयं वर्डप्रैस इंस्टॉल करने को नए बन्दे के लिए मुश्किल बताती है लेकिन "एक क्लिक इंस्टॉल" वाले जुगाड़ से इंस्टॉल करने को मुश्किल नहीं बताती!!
भैया जी CSS Upgrade के बारे में मैं भी जानता हूँ लेकिन जब पैसे ही खर्चने हैं तो क्यों न वर्डप्रैस इस्तेमाल किया जाए जहाँ पूरी आजादी होगी।
बोले तो आप भी मानते हैं न कि वो हर सुविधा देने के लिए पैसे लेंगे। :)
जबकि ब्लॉगर में तो यह सब काम मुफ्त में होता है।
हर सुविधा के लिए कहाँ ले रहे हैं? अधिकतर चीज़ें तो फोकटी ही है!! ब्लॉगर में आप सब कुछ डाल सकते हैं, यह एक बुरी चीज़ भी है। मैं और बहुत से लोग इसलिए किसी भी ब्लॉगर वाले ब्लॉग पर जाने से पहले स्क्रिप्ट आदि सब कुछ disable कर देते हैं, पता नहीं कौन सी बेकार की जावास्क्रिप्ट ब्राऊज़र को क्रैश कर दे। लेकिन वर्डप्रैस.कॉम वाले ब्लॉगों पर जाने से पहले यह भय नहीं है!
हाँ लेकिन ऊपर देखिए मैंने 'मनचाहा' शब्द इस्तेमाल किया है। वर्डप्रैस.कॉम में आप केवल Odeo.Com के ऑडियो तथा केवल Google Video, Youtube, Groupper एवं DailyMotion के वीडियो लगा सकते हैं। इंटरनेट पर सैकड़ों मजेदार ऑडियो/वीडियो हैं जो इन साइटों पर नहीं हैं उन्हें आप वर्डप्रैस.कॉम में नहीं लगा सकते। इस बारे में पहले विस्तार से लिख चुका हूँ।
तो वर्डप्रैस.कॉम वालों की फोरम में जाकर अर्ज़ी लगाईये, सुनवाई होने की बहुत संभावना है। ये आडियो/वीडियो लगाने की सुविधा public demand से ही आई हैं। लेकिन ब्लॉगर पर मैं नहीं समझता कि जनता की आवाज़ सुनने के लिए गूगल ने कुछ लगा रखा है!!
सत्यवचन लेकिन जीतू भाई आदि बुजुर्गों से सुना है कि इस तरह के जुगाड़ कामयाब (बोले तो फिट चीज) नहीं होते, कामचलाऊ होते हैं।
टिकाऊ क्या है? कल को ब्लॉगर का वह सर्वर क्रैश हो जाता है जिसपर आपका चिट्ठा है और गूगल के पास उस सर्वर का बैकअप खराब हो जाता है, क्या कर लोगे?? या कल को गूगल यह निर्धारित करता है कि ब्लॉगर उसके लिए फोकट में चलाना फ़ायदेमंद नहीं, तो??
भाया, फोकट जुगाड़ों की दुनिया ऐसे ही है, रोज़ ही बहुत सी चीज़े आती हैं और बहुत सी दुकान बढ़ा देती हैं। stability की गुंजाईश वहीं है जहाँ आप रोकड़ा खर्च कर रहे हो क्योंकि तब वो सेवा आपको जवाबदेह है। फोकट सेवा वाले की आपके प्रति कोई जवाबदेही नहीं है।
वैसे फ्री के जुगाड़ों के बारे में कुछ कह नहीं सकता। कुछ ऐसी साइटों के बारे में बता सकते हैं क्या ?
कुछ वर्ष हुए मैंने फोकट की होस्टिंग को ढूँढना बंद कर दिया, नहीं तो मैंने इसमें बहुत रिसर्च किया है। पुरानी डायरी में लिखी सेवाओं को देख सूचित करूँगा किसी फोकटी सेवा के बारे में। :)
"कभी न कभी तो शुरुआत करनी ही है।
मैं भी कोई कंप्यूटर/इंटरनेट संबन्धी ज्ञान लेकर तो पैदा हुआ नहीं था!! ;) जब कंप्यूटर और इंटरनेट की दुनिया में कदम रख दिया है तो सीखने से क्या डरना? यह तो ठीक वैसा हुआ कि नई गाड़ी ली लेकिन चलानी नहीं आती और सीखना भी नहीं चाहते। तो ऐसी स्थिति में तो ड्राईवर ही रखा जा सकता है!! :)"
अब ऐसा है जी वर्डप्रैस के मामले में मेरी जानकारी रटी रटाई है। कुछ डॉक्यूमेन्टेशन में पढ़ा और बाकी काफी पहले दो ईबुक पढ़ी थी "Blogging in a snap" और "Blogging for dummies".
हाँ ऐसा कई भाई लोग बताते हैं कि अब वर्डप्रैस इंस्टाल करना बहुत आसान हो गया है। पर जब भी कोई एकदम 'नया' बंदा ब्लॉगिंग में आता है और वह तकनीकी पृष्ठभूमि से न हो तो उस समय तो उसे सब से आसान चीज चाहिए न। अब पिछले साल तक मुझे पता ही नहीं था कि ब्लॉग क्या बला है, डोमेन दुनिया में कहाँ से मिलता है, उस समय मुझे HTML में एक लिंक तक डालना नहीं आता था। अब मैं तो पहले इंग्लिश ब्लॉग में जरा हाथ आजमा चुका था, फिर थोड़ा हिम्मत भी रहती है कि हमने कम्प्यूटर साईंस में तीन साल लगाए हैं अतः हम पंगा लेने के लिए अधिकृत हैं। लेकिन हमारे कई ब्लॉगर साथी जो कम्प्यूटर आदि से कभी परिचित ही नहीं रहे उदाहरण पर 'हिन्द युग्म' समूह के कुछ कवि आदि, उनके लिए तो शुरु में 'वन क्लिक इंस्टाल' वाली चीजें भी मुश्किल ही हैं। फिर शुरु में तो बंदा किसी को जानता भी नहीं न आज तो मैं आप से जीतू भाई से और बाकी सब से मदद ले सकता हूँ। आप इस बात का अंदाज नहीं लगा सकते कि एक नॉन-टेक्निकल बंदे के लिए छोटा से छोटा काम भी आसान नहीं होता। एक नए बंदे का 'Entring Behaviour' में ही समझता हूँ। मुझे याद है पुराने ब्लॉगर पर साइडबार में एक लिंक डालने हेतु मैंने 'गूगल ब्लॉगर ग्रुप' की हफ्ते भर खाक छानी थी।
मेरा मानना है कि एक नए बंदे को हमेशा सरलतम चीज दो ताकि वो शुरु में ही घबराकर न छोड़ जाए। समय बीतने पर अनुभव होने पर वो अपने लिए सही चीज खुद ही तलाश लेगा। हिन्दी टाइपिंग में भी मैं हमेशा इसी बात का समर्थन करता हूँ।
"तो वर्डप्रैस.कॉम वालों की फोरम में जाकर अर्ज़ी लगाईये, सुनवाई होने की बहुत संभावना है। ये आडियो/वीडियो लगाने की सुविधा public demand से ही आई हैं।"
लगाई थी जी अर्जी 'मेरा वीडियो' नामक साइट से वीडियो सुविधा लगाने को। बस जवाब आया कि आपकी फीडबैक के लिए धन्यवाद। महीनों बीत गए कुछ नहीं हुआ। बाकी वहाँ आप हर चीज के लिए उन पर निर्भर रहते हो उनकी दया पर लगाएं तो ठीक न लगाएं तो ठीक।
भैया मैं वहाँ से सोच समझ कर ही इधर आया। और फिर मेरी जिद ये थोड़ी न है कि ब्लॉगर सबसे अच्छा है, मेरी जिद है कि ब्लॉगर वर्डप्रैस.कॉम से अच्छा है और ये बात कहने का हक उसे ही है जो दोनों आजमा चुका है। बाकी वर्डप्रैस के लिए तो मैं कह ही चुका हूँ कि वो 'सर्वश्रेष्ठ' है।
"टिकाऊ क्या है? कल को ब्लॉगर का वह सर्वर क्रैश हो जाता है जिसपर आपका चिट्ठा है और गूगल के पास उस सर्वर का बैकअप खराब हो जाता है, क्या कर लोगे??"
वैसे ये मेरा व्यक्तिगर ख्याल हो सकता है कि ब्लॉगर कई दूसरे वेबसर्वरों से ज्यादा ही सुरक्षित है। जब तक गूगल रहेगा ब्लॉगर रहेगा, जीतू भाई के शब्दो में "हम तुम रहें न रहें पब्लिक रिसोर्सिज वाली चीज रहेगी"। इसका उदाहरण मुझे एक दिन देखने को मिला जब एक दिवंगत ब्लॉगर धनंजय जी का चिट्ठा देखने को मिला जो आज भी आप देख सकते हैं, दूसरी तरफ यदि वह चिट्ठा उन के अपने वेबस्पेस पर होता तो आज मौजूद न होता। दूसरी तरफ हिमांशु भाई टाइम पर डोमेन नेम Renew कराना भूल गए तो उनका नाम Blogiya.Com किसी और के पास चला गया।
बाकी हाँ मैंने यह तो नहीं कहा कि ब्लॉगर में कमियाँ नहीं। कमियाँ तो दुनिया की हर चीज में होती हैं।
"कल को गूगल यह निर्धारित करता है कि ब्लॉगर उसके लिए फोकट में चलाना फ़ायदेमंद नहीं, तो??"
ब्लॉगर का कमाई के लिए Pro वर्जन भी तो है। अतः मुश्किल है कि गूगल कभी इसे फोकट में चलाना बंद कर दे। दूसरा गूगल दूसरी चीजों से इतना कमा रहा है कि वह इसे मजे से फोकट में चला सकता है। खैर हद से हद हमारा काम न चला तो वहाँ से दुकान बढ़ा देंगे। :)
"भाया, फोकट जुगाड़ों की दुनिया ऐसे ही है, रोज़ ही बहुत सी चीज़े आती हैं और बहुत सी दुकान बढ़ा देती हैं। stability की गुंजाईश वहीं है जहाँ आप रोकड़ा खर्च कर रहे हो क्योंकि तब वो सेवा आपको जवाबदेह है। फोकट सेवा वाले की आपके प्रति कोई जवाबदेही नहीं है।"
हाæ