पॉडकास्ट कैसे रिकॉर्ड करें - सचित्र टटोरियल
पॉडकास्टिंग के लिए सबसे पहला चरण है एक अदद पॉडकास्ट रिकॉर्ड करना। पॉडकास्ट रिकॉर्ड करना मूलतः आवाज (ऑडियो) रिकॉर्ड करना ही है बस चूंकि आप इसे नैट पर प्रस्तुत करने जा रहे हैं तो ऐसा करने से पहले शायद आप इसे संपादित करना चाहें।
रिकॉर्डिंग के लिए आवश्यक टूल
इस कार्य हेतु आपको निम्न चीजों की आवश्यकता है:
- एक माइक्रोफोन, एक क्लोज माउथ हैडसैट इसके लिए बेहतर रहेगा हाँ यदि एकाधिक व्यक्ति पॉडकास्ट एपिसोड में भाग ले रहे हैं तो माइक का उपयोग अधिक सुविधाजनक रहेगा। एक अच्छा हैडसैट १५० रुपए के करीब आ जाता है। मेरे पास Intex का है जो कि काफी अच्छा कार्य करता है।
- साउंड कार्ड जिससे कि आप माइक्रोफोन को जोड़ेंगे। यह आजकल लगभग सभी कंप्यूटरों के मदरबोर्ड में इनबिल्ट होता है।
- ध्वनि रिकॉर्ड तथा संपादित करने हेतु एक सॉफ्टवेयर। ध्वनि रिकॉर्ड करने हेतु सामान्य मीडिया प्लेयर जैसे JetAudio, MusicMatch Jukebox आदि इस्तेमाल किए जा सकते हैं। अधिकतर में साउंड रिकॉर्डिंग का फंक्शन भी होता है। जबकि संपादन हेतु Audacity, SoundForge आदि का प्रयोग किया जाता है। सभी ध्वनि संपादकों (Sound Editor) में साउंड रिकॉर्डिंग का फंक्शन तो होता ही है। इनके द्वारा रिकॉर्डिंग की क्वालिटी बेहतर होती है।
Audacity - संक्षिप्त परिचय
अब Audacity तथा SoundForge आदि ध्वनि संपादन टूल्स में ध्वनि रिकॉर्ड करने का फंक्शन तो होता ही है, अतः उसके लिए अलग टूल की आवश्यकता नहीं। इन दोनों औजारों में यद्यपि SoundForge अधिक उन्नत तथा फीचरयुक्त है परंतु Audacity मुफ्त तथा ओपनसोर्स सॉफ्टवेयर होने के कारण अधिक उपयुक्त है। मुफ्त होने के बावजूद यह एक बेहतरीन और एडवांस्ड साउंड एडीटर है जो कि कई ऑडियो फॉर्मेट में काम करता है। यह एक क्रॉस प्लेटफार्म सॉफ्टवेयर है जो कि विंडोज, लिनक्स तथा मैक OS आदि सभी मुख्य ऑपरेटिंग सिस्टमों हेतु उपलब्ध है।
होमपेज : SourceForge.Net पर
डाउनलोड : विंडोज के लिए यहाँ क्लिक करें, अन्य OS हेतु डाउनलोड पेज
साइज : २.१३ एमबी
Lame MP3 Encoder इंस्टाल करना
अब हम पॉडकास्ट को mp3 फॉर्मेट में रखेंगे क्योंकि एक तो इसका फाइल साइज छोटा होगा, दूसरा यह लगभग सभी हार्डवेयर/सॉफ्टवेयर म्यूजिक प्लेयरों में चलाया जा सकता है। तीसरा यह कि ये पॉडकास्ट हेतु प्रचलित फॉर्मेट है जिसे सभी पॉडकास्टिंग साइटें सपोर्ट करती हैं।
Audacity में फाइल को mp3 फॉर्मेट में सेव करने हेतु Lame MP3 Encoder की आवश्यकता है। इसके लिए यह फाइल डाउनलोड करें (मिरर) तथा अपने पीसी में किसी भी फोल्डर में Extract कर दें। सुविधा के लिए आप Audacity के इंस्टालेशन फोल्डर में एक्सट्रैक्ट कर सकते हैं।
इसको इंस्टाल करने हेतु आपको केवल यह करना है कि जब आप पहली बार फाइल को mp3 में सेव करने हेतु एक्सपोर्ट करेंगे तो यह आपसे lame_enc.dll फाइल मांगेगा जिसे आप ऊपर एक्सट्रैक्ट किए फोल्डर में ब्राउज करके सलैक्ट कर लेंगे। यह काम केवल पहली बार होगा आगे से ऐसा करने की जरुरत नहीं। लिनक्स तथा मैकिन्टोश के लिए यहाँ डाउनलोड तथा इंस्टालेशन निर्देश पढ़ें।
अब हम रिकॉर्डिंग के लिए तैयार हैं।
आवाज रिकॉर्ड करना
ध्वनि रिकॉर्ड करते वक्त ध्यान दें कि आपके आस-पास शोर न हो, यथासंभव शांत वातावरण में ही रिकॉर्डिंग करें। यदि केवल अपनी आवाज रिकॉर्ड करनी हो तो रात का समय इसके लिए श्रेष्ठ रहेगा।
अपने हैडसैट की माइक वाली तार कैबिनेट पर साउंडकार्ड के माइक वाले जैक (ऑडियो इन) में लगाएं। अब साउंडकार्ड से स्पीकर की तार निकालकर उस जगह (ऑडिओ आउट) हैडसैट के ईयरफोन की तार लगा दें। इससे यह फायदा है कि रिकॉर्डिंग के वक्त स्पीकर की आवाज से रिकॉर्डिंग में व्यवधान नहीं होता।
डैस्कटॉप आइकॉन पर क्लिक कर Audacity स्टार्ट करें। इसकी विंडो निम्न प्रकार से दिखाई देगी। यद्यपि यह देखने में जटिल सा जान पड़ता है लेकिन ऐसा है नहीं, कम से कम एक सामान्य रिकॉर्डिंग के लिए तो ये बेहद आसान है।

रिकॉर्डिंग शुरु करने से पहले निम्न कुछ सैटिंग्स करनी होंगी। ऐसा केवल एक बार करने की जरुरत है।
१. Edit > Preferences में जाकर Audio I/O टैब में Channels ड्रॉप-डाउन बॉक्स में 2 (Stereo) चुन लें।
२. Edit > Preferences में Quality टैब में Default Sample Rate, 44100 Hz तथा Default Sample Format, 16-bit चुनें।
३. Edit > Preferences में File Formats टैब में Bit Rate, 128 kbps चुनें।
४. इनपुट सोर्स के रुप में Microphone सलैक्ट करें। आउटपुट वोल्यूम और इनपुट वोल्यूम को एडजस्ट करें।
रिकॉर्डिंग शुरु करने के लिए Record टूलबार बटन पर क्लिक करें। अब माइक में बोलना आरंभ करें। रिकॉर्डिंग आरंभ हो जाएगी Stop बटन के द्वारा रिकॉर्डिंग रोकी जा सकती है। रिकॉर्डिंग प्रक्रिया Audacity विंडो में नीले ग्राफ द्वारा दिखाई देगी जैसा कि नीचे के चित्र में दिखाया गया है।
खड़ी (वर्टीकल) नीली रेखाएं साउंड को दर्शाती हैं। जहाँ जहाँ पर ये खड़ी रेखाएं नहीं हैं वहाँ साउंड नहीं है अर्थात साइलेंस पीरियड। ग्राफ के ऊपर एक हॉरिजॉन्टल स्केल है जो कि साउंड फाइल की लंबाई को बताती है। पेज पर नीचे एक हॉरिजॉन्टल स्क्रॉलबार है जिससे आप फाइल को आगे पीछे स्क्रॉल कर सकते हैं।
साउंड को संपादित करना
अब आपकी साउंड फाइल रिकॉर्ड होकर तैयार है। आप इसे टूलबार पर Play आदि बटनों का प्रयोग करके सुन सकते हैं। यद्यपि एक सामान्य पॉडकास्ट हेतु यहीं तक की प्रक्रिया पर्याप्त है लेकिन आप इसे बेहतर बनाने हेतु संपादित कर सकते हैं। उदाहरण के लिए बीच में कुछ भाग डिलीट करना जैसे साइलेंस पीरियड आदि। इसके लिए ग्राफ पर उस जगह क्लिक करें जहाँ से शुरु करके आप डिलीट करना चाहते हैं। अब Play बटन दबाकर फाइल चलाएं तथा जितना भाग आप डिलीट करना चाहते हैं उसके लिए टाइम नोट करें।
अब ऊपर दी स्केल की मदद से माउस द्वारा उतना भाग सलेक्ट करें और Delete कुँजी दबाकर डिलीट कर दें।
इसके अतिरिक्त आप इस ऑडियो फाइल में अन्य ध्वनियाँ जोड़ सकते हैं। इसके लिए ऊपर से तीसरे टूलबार पर कट, कॉपी, पेस्ट आदि आइकॉन उपलब्ध हैं जो कि सामान्य विंडोज एप्लीकेशनों की तरह ही कार्य करते हैं।
Audacity में आप अपनी ऑडियो फाइल में स्पैशल इफैक्ट भी प्रयोग कर सकते हैं। इसके लिए पूरी फाइल अथवा वह भाग जिस पर इफैक्ट लगाना है माउस से सलैक्ट करें तथा Effects मीनू में जाकर इच्छित प्रभाव का प्रयोग करें। इसमें एम्पलीफाई करना, बास बढ़ाना, फेड इन, फेड आउट करना, क्रॉस फेड तथा इक्विलाइजर सैटिंग्स आदि बदलना शामिल हैं जैसे कि नीचे चित्र में दिखाया गया है। (कोई भूल होने पर Ctrl+Z से Undo किया जा सकता है।)
इस प्रकार वांछित परिवर्तन के पश्चात आपकी ऑडियो फाइल अर्थात पॉडकास्ट तैयार है।
ऑडियो फाइल सेव करना
तैयार की गई ऑडियो फाइल को सेव करने के लिए File मीनू से अपने इच्छित फॉर्मेट में Export करें। इसके लिए mp3 फॉर्मेट का उपयोग करेंगे। इसके लिए File मीनू में जाकर Export As MP3 चुनें। अब यदि अभी तक ऊपर आपने Lame Encoder इंस्टाल नहीं किया तो यह आपसे lame_enc.dll फाइल का पता पूछेगा तो आप कंप्यूटर पर ब्राउज करके ऊपर डाउनलोड किए गए Lame Encoder के फोल्डर में से यह फाइल सलैक्ट कर लें। यह काम आपको केवल पहली बार करने की जरुरत है, आगे से इस चरण की जरुरत नहीं होगी। लिनक्स तथा मैकिन्टोश में MP3 में फाइल एक्सपोर्ट करने संबंधी जानकारी के लिए यहाँ जाएं।
अब आपको निम्न संदेश मिलेगा। Yes पर क्लिक करें।
अब निम्न विंडो खुलेगी। इसमें अपने पीसी में lame_enc.dll फाइल को ब्राउज कर ओपन कर लें।
अब निम्न विंडो में mp3 फाइल हेतु ID3 टैग डाल दें। ID3 v2 का प्रयोग करें क्योंकि इसमें ID3v1 वाले टैग भी शामिल होते हैं।
इसके अलावा आप पूरी फाइल की बजाय केवल इसका कुछ भाग भी सेव कर सकते हैं, इसके लिए पहले माउस की सहायता से वांछित भाग सलैक्ट कर लें तब File मीनू में से Export Selection As MP3 चुनें। नीचे चित्र देखें।
लीजिए आप का पॉडकास्ट तैयार है। इसके अतिरिक्त आप बहुत कुछ संपादन इसमें कर सकते हैं जैसे बैकग्राउंड साउंड मिलाना, शुरु तथा अंत में म्यूजिक क्लिप्स मिलाना आदि।
अब अगला काम होगा पॉडकास्ट को अपलोड तथा प्रसारित करना जिसके बारे में हम बाद में बात करेंगे लेकिन उससे पहले जानेंगे कि नैट पर दोस्तों से ऑनलाइन बातचीत को कैसे रिकॉर्ड करें। तो इंतजार कीजिए अगली क्लास का। ![]()
इस लेख हेतु यदि कोई सुझाव अथवा जानकारी हो तो कृपया टिप्पणी द्वारा अवश्य बताएं।


















20 टिप्पणियाँ:
Well Done Mr Srish!
बहुत ही बढिया ।
बहुत बढ़िया तरीके से समझाया आपने।
बहुत बढ़िया
बहुत ही शानदार।
श्रीश भाई बहुत अच्छा काम कर रहे है आप।
इसका लिंक विकी पर भी डाल दिया जाए।
बहुत ही बढिया श्रीश, क्या कमाल की क्लास है....
मिश्र जी, विवेक जी, अनुराग जी, पंकज, जीतू भाई तथा प्रभात जी धन्यवाद कि आपको टटोरियल अच्छा लगा।
इसका लिंक सर्वज्ञ पर पॉडकास्ट नामक पन्ना बना कर डाल चुका हूँ।
बड़े सही समय पर आपका लेख आया ! दरअसल पिछले रविवार मैंने ये साफ्टवेयर try किया था । दो दिक्कतें आईं । पहली ध्वनि फाइल में इको डालने की । sound recorder में ये काम सिर्फ एक बटन दबाने से होता है पर यहाँ delay time aur decay factor खुद चुनना पड़ता है । इसकी ideal setting क्या होती है ?
दूसरे मैंने ध्वनि फाइल को जब रिकार्ड किया तो उसमें कोई disturbance नहीं थी पर export as wave करते ही recording में noise आ गई । ऐसा क्यूँ हुआ ?
ऑडेसिटी बहुत बढ़िया सॉफ्टवेर है। मैं इस पर काम करता हूं और इसी पर पॉडकास्ट करता हूं।
बहुत अच्छा ट्यूटोरियल है। बिल्कुल पेशेवर सरीखा।
एक बात मैं यहाँ रखूँगा - यदि सामान्य रूप से 1 स्रोत द्वारा, जैसे कि एक व्यक्ति द्वारा अपनी आवाज़ को रिकार्ड किया जाना - ऐसी स्थिति में 2 Channel Stereo का प्रयोग करना ठीक नहीँ होगा, उससे कोई लाभ भी नहीँ, वरन फाईल का आकार ही बढ़ेगा। stereo mode का प्रयोग तभी सही होता है जब आपके पास कम से कम 2 (बाँया और दाहिना) स्वतंत्र इनपुट स्रोत हों। साधारण रूप से 1 माइक लगाने पर तो एक ही स्रोत होगा, कभी कभी ऑडियो-हार्डवेयर अथवा कम्प्यूटर ही उसका एक और प्रतिरूप दूसरे चैनल पर भी बना देगा, जिससे मोनो स्रोत ही स्टीरियो के रूप में लगभग दुगुने फाईल साइज़ में स्टोर होगा। इस प्रकार सही प्रयोग करने पर हम फाईल साईज़ और बैण्डविड्थ का सही प्रयोग कर पायंगे और अधिकतर लोग जो अपनी बातचीत को पॉड्कास्ट करते हैं, वे अपनी व श्रोताओं दोनों की बैण्डविड्थ की बचत करेंगे।
हाँ, यह सिद्धांत जीवंत संगीत, (यदि दो या अधिक स्वतंत्र स्रोत हों तभी) की रिकार्डिंग पर लागू नहीं होता
एक बार इसका प्रयोग कर के देखें और परिणाम से मुझे भी अवगत करायें।
बहुत ही अच्छे ढंग से प्रस्तुत किया है। मेरे जैसे गैर-तकनीकी बुद्धि में भी आसानी से बैठ गई।
हाँ, राजीव जी की कही हुई बात बड़ी कारगर है - दुगुने फाईल और बैण्डविड्थ की बचत होगी।
क्या बात है, गजब कर दिया मास्साब!!! हम तो कयल थे ही...अब मुरीद हो गये. चालू रहो....हम बैठे हैं मुहाने अर सुनने...बहुत सही जा रहे हो...हमरे तो तुम पसंदीदा हईये हो!!!
बहुत अच्छी तरह से समझाया भाई! सब समझ में आ गया!
कभी टिप्पणी न भी करें तो आज की पोस्ट देखते हुये अपनी तरफ से मान लेना कि हम कहे हैं कि बेहतरीन!! :)
बहुत खूब।
आप तो चार चॉद लगा रहे है।
भाई अभय तिवारी ने मुझे आपका लिंक भेजा है,उन्हें और आप लोगों को धन्यवाद. क्या sound forge में इसी प्रक्रिया को कैसे लागू करें की जानकारी भी मिल सकती है? और इसे अपलोड कैसे करें?
बहुत खूब पंडित जी। बहुत अच्छा टूल जान पड़ता है ऑडियोसिटी।
क्या कैरिओकी रेकॉर्डिंग भी की जा सकती है इस तरह? यानी, कम्प्यूटर में कैरिओकी सीडी चलायें और साथ में माइक पर गायें?
मैं प्रयास करके देखूंगा।
वास्तव मे आप ई-पंडित है
बहुत बहुत धन्यवाद, श्रीष जी!
बहुत बढ़िया तरीके से समझाया आपने।
Thanks a lot to whole team..I knew about other softwares but this audiocity looks better.I will try it out soon.
टिप्पणी करें
लिंक करें