इंटरनैट पर दोस्तों से बातचीत कैसे रिकॉर्ड करें
पिछली क्लास में हमने जानकारी ली कि Audacity द्वारा अपनी आवाज कैसे रिकॉर्ड करें। अब वह तरीका तब तो ठीक है जब पॉडकास्ट एपिसोड में भाग लेने वाले व्यक्ति रिकॉर्डिंग के स्थान पर ही उपस्थित हों। लेकिन हमें कई बार दूरस्थ व्यक्तियों से बात करनी होती है, उदाहरण के लिए गूगल टॉक पर मित्रों से बातचीत करनी हो, किसी का ऑनलाइन इंटरव्यू लेना हो, कोई सामूहिक चर्चा करनी हो तो इन सब को रिकॉर्ड कैसे किया जाए ?
इस काम के लिए हम प्रयोग करते हैं VoIP (Voice over Internet Protocol) Clients का। आजकल अधिकतर मैसेंजर इस सुविधा से लैस हैं। इनमें Google Talk, Yahoo Messenger, MSN Messenger (Windows Live Messenger) आदि शामिल हैं। इसके अतिरिक्त Skype तो है ही इंटरनैट कॉल्स के लिए। अब इन सब मैंसेजरों में वॉइस चैट या कॉल की सुविधा तो है लेकिन रिकॉर्ड करने की नहीं और तो और Skype में भी नहीं। इसके लिए हमें बाहरी टूल्स की सहायता लेनी होगी।
तो पिछले कुछ दिनों से मैंने इस दिशा में खोज शुरु की। सब से पहले तो Audacity की बात करें। Audacity एक बार में केवल एक स्त्रोत से आवाज रिकॉर्ड कर सकता है, या तो माइक्रोफोन से या स्पीकर से। मैंने पूरे दो दिन झक मार कर देख लिया लेकिन दोनों से इकट्ठे रिकॉर्ड नहीं की जा सकती।
अब मैंने कुछ साथियों जिन्होंने इस तरह के काम कर रखे थे जैसे पंकज भाई (तरकश पॉडकास्ट वाले), अमित जी और तरुण भाई शामिल हैं पूछा तो पता चला कि इसके लिए वो माइक को स्पीकर के पास रखकर रिकॉर्ड करते हैं जिससे कि सब आवाजें रिकॉर्ड हो जाती हैं। यह सरलतम तरीका है लेकिन मेरे विचार से इससे अनावश्यक ध्वनियाँ भी रिकॉर्ड हो जाएंगी। अब तरकश पर तो इसे साउंड एडीटिंग के जरिए हटा देते होंगे लेकिन मेरे विचार से इसमें काफी वक्त लगता होगा।
इस वजह से अन्य टूल्स की आवश्यकता महसूस हुई तो गया गूगल बाबा की शरण में। कई सारे टूल मिले, उनमें दसियों आजमा डाले लेकिन सब के सब शेयरवेयर (पेड) थे, कुछ का फ्री वर्जन था भी तो किसी में ५ मिनट, किसी में १५ मिनट की लिमिटेशन। अब भईया पेड सॉफ्टवेयर हम हिन्दुस्तानियों को हजम नहीं होते। तो बड़ी मुश्किल से एक फुल्ली फ्री टूल मिला - SoliCall. इस ने बहुत पंगे किए लेकिन फाइनली काम चलाने लायक बात बन गई। इस टटोरियल में हम इस टूल की सहायता से ही सभी वॉइप क्लाइंटों में वॉइस कॉल रिकॉर्ड करने का तरीका जानेंगे।
SoliCall का परिचय
SoliCall एक मुफ्त और छोटे आकार की विंडो यूटिलिटी है जिसके द्वारा विभिन्न इंस्टैंट मैसेंजरों में ऑडियो कॉल्स रिकॉर्ड की जा सकती हैं। यद्यपि यह मूल रुप से एक Noise Reduction टूल है जो ऑनलाइन बातचीत के दौरान अनावश्यक ध्वनियों को हटाता है। इसके बारे में विस्तार से फिर कभी बात करूंगा।
इसके द्वारा वॉइस रिकॉर्डिंग की कार्यप्रणाली यह है कि यह एक वर्चुअल ऑडियो ड्राइवर इंस्टाल करता है - SoliCall Audio Device. हम अपने मैसेंजर की Audio In और Audio Out को इस डिवाइस पर सैट करते हैं। इस प्रकार यह सभी मैंसेजरों जैसे GTalk, Ymsgr, MSN msgr, Windows Live msgr तथा Skype आदि पर ऑडियो चैट रिकॉर्ड कर सकता है।
डाउनलोड करें : नवीनतम वर्जन 1.0.23 (700 KB)
Mirror :
इंस्टालेशन प्रक्रिया के दौरान यह वर्चुअल ऑडियो डिवाइस इंस्टाल करता है जिसे निम्न चित्रानुसार इंस्टाल करें।
इंस्टाल करने पर इसका शॉर्टकट डैस्कटॉप पर आ जाएगा। उसके द्वारा इसे स्टार्ट करें, इसका आइकॉन सिस्टम ट्रे में आ जाएगा। उस पर डबल क्लिक करके मुख्य विंडो आएगी, इसमे Volume Out तथा Volume In को सुविधानुसार एडजस्ट करें।
अब Tools > Options में जाएं तथा निम्न चित्रानुसार Recording Quality = High तथा Recording Format = MP3 Mono चुनें (हाँ आपने सही पढ़ा Mono, इस टूल में कुछ लोचा है जिससे कि Mono चुनने पर Stereo में रिकॉर्ड करता है और Stereo चुनने पर Mono में). अन्य विकल्प चित्र में दिखाए अनुसार चुनें।
अब इंटरनैट पर कनैक्ट होने पर SoliCall भी कनैक्ट होगा। यदि SoliCall अब तक ऑन नहीं है तो सिस्टम ट्रे आईकॉन पर राइट क्लिक करके Turn SoliCall On पर क्लिक करें। साथ ही Enable Screen Incoming पर भी क्लिक करें।
रिकॉर्डिंग शुरु करने से ठीक पहले सिस्टम ट्रे आइकॉन पर राइट क्लिक करके Enable Recording पर क्लिक करें। रिकॉर्डिंग समाप्त करने के लिए सिस्टम ट्रे में SoliCall आइकॉन पर राइट क्लिक करके Disable Recording चुनें।
ध्यान दें: अन्य साथियों को सूचित कर दें कि आप रिकार्डिंग कर रहे हैं और इस बारे में उनसे आज्ञा/सहमति ले लें। कई देशों में यह कानूनन रुप से आवश्यक है।
अब हम बात करते हैं विभिन्न VoIP क्लाइंटों में रिकॉर्डिंग की।
Google Talk
गूगल टॉक हिन्दी चिट्ठाकारों का पसंदीदा चैट और IM क्लाइंट है। इसका कारण इसका हिन्दी का उन्नत सपोर्ट और हल्का-फुल्का होना है। इसमें वन क्लिक वॉइस कॉल की सुविधा है। साथ ही इसकी आवाज काफी साफ और सपष्ट है। हाँ GTalk में चैटरुम तथा कॉन्फ्रेन्स मोड नहीं होता जिससे कि केवल दो व्यक्ति ही बात कर सकते हैं।
» SoliCall को GTalk के साथ इंटीग्रेट करना
यह काम केवल एक बार करने की जरुरत है। GTalk की मुख्य विंडो में ऊपर दाईं तरफ Settings पर क्लिक कीजिए। अब जो Settings डायलॉग बॉक्स खुले उसमें बांई ओर Audio चुनें जिससे निम्न विंडो प्रर्दशित होगी।
इसमें Input - microphone or headset तथा Output - speakers or headset ड्रॉप डाउन बॉक्स में SoliCall Audio Device चुनें। OK पर क्लिक करें।
» GTalk में कॉल रिकॉर्ड करना
अब GTalk में किसी भी साथी के नाम के साथ Call बटन दबाएं और कनैक्शन स्थापित करें। आराम से बात करते रहिए, कॉल स्वतः रिकॉर्ड होती रहेगी।
Yahoo! Messenger
GTalk के आने से पहले Y! Msgr भारत में सबसे प्रचलित IM सेवा थी। अब भी बहुत से लोग इसका प्रयोग करते हैं। इसमें चैटरुम के साथ साथ कॉन्फ्रेन्स मोड होता है जिससे दो से अधिक व्यक्ति भी बात कर सकते हैं।
अब पहले तो सभी वर्जनों में वॉइस चैट की सुविधा थी। लेकिन पिछले कुछ समय से भारतीय संस्करण में कॉल की सुविधा नहीं है। अतः हम US वर्जन का प्रयोग करेंगे।
» SoliCall को Y! msgr के साथ इंटीग्रेट करना
यह काम केवल एक बार करने की जरुरत है। मुख्य मीनू में Messenger > Preferences > Calling and Audio में जाएं। जिससे निम्न विंडो प्रदर्शित होगी।
इसमें Microphone और Speakers ड्रॉप डाउन बॉक्स में SoliCall Audio Device चुनें। Apply और फिर OK क्लिक करें।
» Y! Msgr में कॉल रिकॉर्ड करना
यदि दो व्यक्तियों में वार्तालाप रिकॉर्ड करना हो तो अपने मित्र के नाम पर राइट क्लिक करके Call Computer या Call a Phone Number चुनें।
एकाधिक व्यक्तियों से बात करने के लिए Actions > Invite to Conference पर क्लिक करें।
जो विंडो खुले उसमें बांई तरफ मित्रों के नाम चुनकर Add बटन पर क्लिक करें। नीचे Enable Voice for this conference बॉक्स को चैक कर दें। अब Invite बटन पर क्लिक कर दें। इससे सब के साथ कॉन्फ्रेंस रुम में संपर्क स्थापित हो जाएगा।
Skype
VoIP Calls की दुनिया में Skype एक जाना पहचाना नाम है। यह सर्वाधिक प्रचलित इंटरनैट फोन सेवा है जिसका प्रयोग वॉइस चैटिंग, ऑनलाइन तथा टेलीफोन पर इंटरव्यू लेने, विभिन्न माध्यमों पर चर्चा करने, कॉन्फ्रेंस कॉल तथा पॉडकास्ट रिकॉर्ड करने के लिए किया जाता है। अब इसमें वीडियो कॉल की भी सुविधा आ गई है जो अभी बीटा स्टेज में है।
यह इंटरनैट कॉल्स के लिए सर्वश्रेष्ठ टूल है जो कि वॉइस चैटिंग के लिए समर्पित है लेकिन इसके बावजूद इसमें वॉइस कन्वर्सेशन रिकॉर्ड करने के लिए अंतर्निमित सपोर्ट नहीं है। इस काम के लिए ढेरों टूल और तरीके मौजूद हैं जिनकी चर्चा कभी अलग से करूँगा। इनमें सरलतम SoliCall का प्रयोग ही है।
» SoliCall को Skype के साथ इंटीग्रेट करना
यह काम केवल एक बार करने की जरुरत है। मुख्य मीनू में Tools > Options > Sound Devices में जाएं। जिससे निम्न विंडो प्रदर्शित होगी।
इसमें Audio In और Audio Out ड्रॉप डाउन बॉक्स में SoliCall Audio Device चुनें और Save पर क्लिक करें। साउंड सैटअप टैस्ट करने के लिए Make a test call to Skype answering machine पर क्लिक करें।
» Skype में कॉल रिकॉर्ड करनामुख्य विंडो में Contacts टैब में अपने मित्र के नाम पर क्लिक करें, फिर हरे रंग का बटन (जिस पर टेलीफोन बना है) क्लिक करें। कॉल समाप्ति के लिए उसके साथ वाला लाल बटन दबाएं।
कॉंफ्रेंस कॉल के लिए Contacts टैब में Conference पर क्लिक करें। अब जो विंडो खुलेगी उसमें बांई तरफ मित्रों के नाम चुन कर Add बटन पर क्लिक करें। कॉन्फ्रेंस शुरु करने के लिए Start बटन दबाएं।
अन्य सभी VoIP क्लाइंटों में ऑडियो सैटिंग्स (जो कि आम तौर पर Preferences/Options आदि में होती हैं) में Audio In (microphone) तथा Audio Out (speakers) को SoliCall Audio Device पर सैट कर दें।
निष्कर्ष
टैस्टिंग के दौरान हमने पाया कि GTalk में आवाज काफी साफ थी। Y! Msgr में थोड़ा नॉइज था और आवाज GTalk के मुकाबले असपष्ट थी। Skype की आवाज हमें सबसे सपष्ट और बेहतर लगी जो कि स्वाभाविक भी है क्योंकि यह बनाया ही इसी उद्देश्य से है।
तो जैसा कि अमित भाई ने कहा दो व्यक्तियों के मध्य वार्तालाप के लिए GTalk उपयुक्त है और कॉंफ्रेंस के लिए Skype.
रिकॉर्ड की गई फाइल को स्टैंडर्ड फॉर्मेट में बदलना
अब SoliCall में एक मुख्य कमी है कि mp3 फॉर्मेट को सैट करने का विकल्प नहीं है। यह डिफॉल्ट रुप से Sample Rate 16000 Hz, Sample Format 32 bit-float और Bit Rate 24 kbps पर रिकॉर्डिंग करता है। जबकि पॉडकास्ट के लिए स्टैंडर्ड फॉर्मेट Sample Rate 441000 Hz, Sample Format 16 bit और Bit Rate 128 kbps है। इससे कम पर पॉडकास्ट को ब्लॉग आदि पर संलग्न प्लेयरों के द्वारा ऑनलाइन प्ले नहीं किया जा सकता। अतः हमें रिकॉर्ड की गई फाइल को इस फॉर्मेट में बदलना होगा। इसके लिए हम अपने पसंदीदा टूल Audacity का प्रयोग करेंगे।
Audacity स्टार्ट करें। SoliCall डिफॉल्ट रुप से My Music फोल्डर में SoliCall > Recording नामक डायरेक्ट्री में फाइलें सेव करता है, इसे खोलने के लिए SoliCall विंडो में File > Open Recordings Library में जाएं। अब SoliCall द्वारा रिकॉर्ड की गई फाइल को Audacity में इम्पोर्ट करें जिसका सरलतम तरीका है कि उसे Audacity विंडो पर ड्रैग एंड ड्रॉप कर दें। अब Audacity की रिकॉर्डिंग सैटिंग्स तो आपने स्टैंडर्ड फॉर्मेट पर सैट कर ही रखी होंगी। यदि नहीं तो पिछली पोस्ट में इसका सचित्र विवरण पढ़ें। अब जो फाइल आपने इम्पोर्ट की है उसके ग्राफ में बांई ओर टूलबॉक्स में डाउन ऐरो पर क्लिक करके निम्न चित्रों में दर्शाए अनुसार Sample Rate = 44100 Hz और Bit Rate = 16 bit चुनें।
अब File मीनू में Export As MP3 पर क्लिक करके फाइल को सेव/एक्सपोर्ट कर लें। अब यह फाइल स्टैंडर्ड mp3 फॉर्मेट में है।
मुझे अपने IM क्लाइंट में जोड़ें
मित्रजनों लगे हाथ ये काम भी कर लिया जाए। मुझसे बातचीत करने के लिए मुझे अपने IM कॉन्टैक्ट्स में जोड़ें।
GTalk Name : Sharma.Shrish
Y! Msgr Id : imShrish
Skype Name : imShrish
इसके लिए निम्न बटनों पर क्लिक करें।
तो आज हमने जाना कि ऑनलाइन बातचीत में पॉडकास्ट कैसे रिकॉर्ड करें। अगली कक्षा में हम जानेंगे कि पॉडकास्ट को कैसे अपलोड और प्रसारित किया जाए। तो इंतजार कीजिए अगली कक्षा का।



















9 टिप्पणियाँ:
पंडित जी,
ज्ञानवर्धक जानकारी उपलब्ध करवाने के लिये बहुत बहुत धन्यवाद । तकरीबन महिने भर से इस विषय पर कोई जुगाड देख रहा था परंतु गुगल बाबा ने इस प्रकार का ट्यूटोरियल नही दिया । जो 2-3 प्रोग्राम डाउनलोड किये उनकी सैटिंग नहीं कर पाया । आपका ट्यूटोरियल पढ कर सोचा पहले आपकों बधाई दी जाये ।
मुझे लगता हैं , आपका यह आलेख हम भारतीयों के लिये 2-3 साल बाद ज्यादा पढा जायेगा । क्योंकि अभी तक कई लोग तो ये ही सोचेंगे की ऐसी क्या आवश्यकता हो सकती हैं ।
एक बार और बधाई ।
बहुत बढिया !
बढ़िया क्लास रही, मास्साब. इसे इस्तेमाल किया जायेगा.
बहुत ही बढिया ! वक्त आने पर प्रयोग करुगां.
इतना स्तरीय और क्लास का आलेख तो अंग्रेज़ी में भी नही मिलता.
बढ़िया प्रस्तुतिकरण हेतु साधुवाद स्वीकारें.
बढिया जानकारी दी आपने. जैसा कि आपने बताया कि आपको फ़्री साफ्ट्वेयर ढूंढ्ने में परेशानी हुई तो इसका एक बहुत ही आसान उपाय है "जुगाड़" तकनीक. "आप समझ रहे हैं ना मैं क्या कह रहा हूं."
बहुत ही उम्दा जानकारी है, आशा है अतद्यन जानकारियॉं मिलती रहेगी। मेरा एक और सुझाव है साईबर अपराध एवं वायरस फिशिंग वोर्म, हेकिंग इत्यादि से कैसे बचें इस पर भी एक पृथक ब्लॉग बनाये तो खुशी होगी।
आज दोबारा पढ़ा। संभवत: निकट भविष्य में बहुत से लोग इसका उपयोग करें।
aapka blog to gyaan ki khaan hai. ab aata rahoonga.
टिप्पणी करें
लिंक करें