कैफे हिन्दी टाइपिंग टूल - हिन्दी लेखन का नया औजार
दो तीन दिन पहले मैथिली जी से सूचना मिली कि उन्होंने कैफेहिन्दी नाम से एक टाइपिंग टूल बनाया है, डाउनलोड लिंक के साथ उन्होंने फीडबैक देने को भी कहा था। रवि भैया इस पर काफी अच्छी समीक्षा लिख भी चुके हैं। टूल को टैस्ट करके अपनी त्वरित प्रतिक्रिया दे रहा हूँ।
हमारे चिट्ठाकार साथी मैथिली गुप्त जी ने कैफेहिन्दी टाइपिंग टूल नाम से हिन्दी टाइप करने के लिए एक नया औजार बनाया है जो कि Indic IME, HindiWriter तथा BarahaIME आदि की तरह एक इनपुट मैथड एडीटर है अर्थात आप इसके द्वारा विभिन्न यूनिकोड समर्थित विंडोज ऐप्लीकेशनों जैसे नोटपैड, वर्डपैड, इंटरनैट एक्सप्लोरर तथा फायरफॉक्स आदि ब्राउजर एवं गूगल टॉक आदि में सीधे ही हिन्दी लिख सकते हो। इसमें फोनेटिक, रेमिंगटन और इनस्क्रिप्ट कीबोर्ड लेआउट शामिल हैं जिससे कि यह सभी हिन्दी टाइपकर्ताओं के लिए उपयोगी है। इसकी फोनेटिक ट्रांसलिट्रेशन स्कीम बारहा से मिलती जुलती है जिससे कि मुझे इससे टाइप करने में कोई दिक्कत नहीं हुई। इसमें बारहा की कुछ खूबियाँ तो हैं ही साथ में अन्य कुँजीपटों के कारण यह अधिक उपयोगी बन गया है।
सब से पहले बात करते हैं इंस्टालेशन की। डानलोड जिप फाइल के रुप में उपलब्ध है, इसे डाउनलोड के उपरांत एक्सट्रैक्ट करें। इसका सैटअप 3५३ केबी का है जो की शीघ्र ही डाउनलोड और इंस्टाल हो जाता है। हाँ इसके लिए आपके सिस्टम में Microsoft का .Net Framework 2.0 होना चाहिए जो माइक्रोसॉफ्ट की साइट पर मुफ्त उपलब्ध है। इंस्टालेशन के पश्चात डैस्कटॉप पर इसका शॉर्टकट आइकॉन आ जाता है जिस पर क्लिक करके इसे आसानी से चलाया जा सकता है। पहली बार चलाने पर एक पॉपअप विंडो आती है जिस पर एक्टिवेशन के लिए कहा जाता है, पहले तो मैंने सोचा कि अब कोई लंबा चौड़ा फार्म वगैरहा भरना और सबमिट करना पड़ेगा लेकिन एक्टिवेशन बटन दबाने पर यह बस कैफेहिन्दी.कॉम पर ले जाता है।
स्टार्ट होने पर इसका आइकॉन सिस्टम ट्रे में आ जाता है। बाई डिफॉल्ट कीबोर्ड लेआउट फोनेटिक सैट होता है आप सिस्टम ट्रे आइकॉन पर राइट क्लिक करके Layouts में जाकर अपना मनपसंद कीबोर्ड चुन सकते हैं। अब ब्लॉग, चैट या किसी भी विंडोज एप्लीकेशन में आराम से हिन्दी लिखिए। हिन्दी-अंग्रेजी भाषा में टॉगल करने के लिए F11 कुँजी का प्रयोग करें या सिस्टम ट्रे आइकॉन पर क्लिक करें। बस अब जहाँ मर्जी हिन्दी टाइप कीजिए।
इसकी ट्रांसलिट्रेशन स्कीम बारहा से मिलती - जुलती है। अधिकतर वर्ण स्वतः ही पूर्वानुमान द्वारा टाइप किए जा सकते हैं। इसके कई अन्य फीचर भी BarahaIME जैसे ही हैं, इसे बनाते हुए डेवेलपर के मन में अवश्य बारहा आईएमई का मॉडल रहा होगा। अब इसमें कुछ खूबियाँ और कमियाँ भी हैं।
कैफेहिन्दी टूल की कुछ खूबियाँ
» इसकी सब से बड़ी खूबी है कि यह हमारे ही एक साथी द्वारा विकसित किया जा रहा है अतः हम अपने सुझावों से उन्हें अवगत करा सकते हैं और उम्मीद है कि वे उन पर विचार भी करेंगे। इस से पहले मैं कुछ हिन्दी टाइपिंग टूल बनाने वालों को सुझाव दे चुका हूँ पर कोई उपयुक्त प्रतिक्रिया नहीं मिली। अक्सर लगता है कि हिन्दी टाइपिंग का एक औजार हो जो सभी टाइपिंग औजारों की खूबियाँ लिए हो। उम्मीद है कैफेहिन्दी से यह स्वप्न साकार हो सकेगा।
» हल्का फुल्का छोटे साइज का सैटअप जिससे डाउनलोड और इंस्टालेशन में काफी कम समय लगता है।
» हिन्दी अंग्रेजी टॉगल करके के लिए सिंगल कुँजी। सिर्फ एक बटन दबाकर या सिस्टम ट्रे आइकॉन पर क्लिक करके भाषा बदली जा सकती है। BarahaIME की एक ये चीज भी मुझे बहुत पसंद है। हाँ और कई बार सोचता था कि काश BarahaIME के सिस्टम ट्रे आइकॉन पर क्लिक करके भाषा बदली जा सकती।
» Indic IME की तरह हर अक्षर टाइप करते हुए हलन्त का निशान बनता रहता है जिससे मालूम पड़ता रहता है कि अभी यह अधूरा है और इसे पूरा करने हेतु संबंधित स्वर लगाना है।
» टाइपिंग के दौरान इसकी गति ऑप्टिमम है जिससे कि अशुद्धियाँ कम होती हैं।
» इसमें रेमिंगटन, फोनेटिक और इनस्क्रिप्ट तीनों कीबोर्ड होने से यह सभी हिन्दी लिखने वालों के लिए विशेष उपयोगी है। रेमिंगटन टाइपिंग हेतु अब तक एकमात्र ऑफलाइन टूल Indic IME था। उम्मीद है Firefox में इसके रेमिंगटन कीबोर्ड द्वारा टाइप हिन्दी में आधे अक्षर सही दिखते होंगे।
कैफेहिन्दी टूल की कुछ कमियाँ (तथा सुझाव)
चूकिं मैंने लेटेस्ट वर्जन टैस्ट नहीं किया है, अतः हो सकता है यह पोस्ट लिखे जाने तक इनमें से कुछ कमियाँ दूर कर ली गई हों।
» एक मुख्य कमी है कीमैप संबंधी सहायता का अभाव, खासकर फोनेटिक हेतु यह अत्यंत आवश्यक है। ट्रांसलिट्रेशन संबंधी उपयुक्त जानकारी दी जानी चाहिए।
उदाहरण के लिए मुझे 'ऐ' और 'ँ' (चंद्रबिंदु) लिखने का तरीका नहीं मिला।
» भाषा टॉगल करने को F11 कुंजी पर सैट किया गया है, अब Firefox आदि कुछ ब्राउजरों में यह Fullscreen टॉगल करने हेतु रखी जाती है जिससे Firefox आदि में यह Conflict करती है। अतः इसे F12 पर सैट किया जाना चाहिए।
» यह टूल कई प्रोग्रामों के साथ इनकंपैटिबल है। जब इसे इंस्टाल किया तो पहली चीज जो टैस्ट की कि क्या BarahaIME की दो मुख्य समस्याओं Microsoft Word और Yahoo Messenger के साथ यह काम करता है या नहीं। परिणाम नकारात्मक रहा, नीचे के चित्र देखिए।
MS Word में टाइप करते हुए मात्राएं तो टाइप होती ही नहीं, साथ ही एक शब्द पूरा टाइप करते करते डब्बे बन जाते हैं। ऐसा इसलिए है कि भाषा टॉगल करने पर वर्ड की इनपुट भाषा नहीं बदलती और न ही फॉन्ट बदलता है। इस बारे में परिचर्चा पर यह थ्रेड पढ़ें। अब चूकिं MS Word सर्वाधिक प्रसिद्ध और प्रचलित वर्ड प्रोसैसर है अतः उपयुक्त टूल का इसमें काम न करना एक बड़ी कमी है।
Yahoo Messenger में हिन्दी की जगह प्रश्नचिन्ह छपते हैं, फॉन्ट को मैनुअली Mangal पर सैट करने पर भी बात नहीं बनती। अब आज भी Yahoo Messenger भारत में सर्वाधिक प्रयोग किया जाने वाला मैसेंजर है अतः इस टूल को इसमें काम करने के अनुकूल बनाया जाना चाहिए।
इसके अतिरिक्त विंडोज में कई जगह यह काम नहीं करता। उदाहरण के लिए Firefox के सर्चबार और एड्रैसबार में यह हिन्दी नहीं लिख पाता।
इस कारण हिन्दी में सर्च करने में कठिनाई आती है।
» ट्रांसलिट्रेशन में एकाध कुंजियों में दिक्कत है। जैसे Shift+a दबाने से तो 'आ' छप जाता है लेकिन aa दबाने से ठीक नहीं छपता उदाहरण: हिन्दी टाइपिंग औजार
» ऐक्टिवेशन की अनिवार्यता से उन्हें दिक्कत होगी जिनके पास इंटरनैट कनैक्शन नहीं है।
इसी प्रकार .Net Framework 2.0 की आवश्यकता से उन्हें दिक्कत हो सकती है जिनके पास इंटरनैट कनैक्शन नहीं है या डायलअप कनैक्शन है जिस पर २२ एम बी डाउनलोड करना बहुत कठिन कार्य है। वैसे इसको मैथिली जी ने काफी सोच समझ कर ही चुना है, इस बारे में वे कहते हैं:
इसके लिये माइक्रोसाफ्ट फ्रेमवर्क 2.0 की जरुरत होगी. एसा इसलिये किया गया है कि इसके आनेवाले परिष्कृत संस्करण नवीनतम तकनीक के ही रहें.
कुछ अन्य सुझाव
» इस टूल का एक संस्करण विंडोज 98/ME के लिए भी बनाया जाना चाहिए, क्योंकि इन विंडोज के लिए कोई भी IME उपलब्ध नहीं है। अभी भी बहुत से कंप्यूटर इन OS का प्रयोग कर रहे हैं। यदि ऐसा कोई टूल बनाया जा सके तो बहुत लोगों के काम आएगा।
» क्या इस टूल को (अथवा कोई अन्य टूल) नॉन-यूनिकोड फॉन्टों के साथ काम करने के लिए बनाया जा सकता है जिससे कि फोनेटिक और इनस्क्रिप्ट कीबोर्ड द्वारा नॉन-यूनिकोड हिन्दी में टाइपिंग की जा सके। अभी भी बहुत से प्रोग्राम यूनिकोड सपोर्ट नहीं करते अतः यदि ऐसा किया जा सके तो हिन्दी का बहुत भला होगा। इस विषय पर एक अलग पोस्ट लिखूँगा।
» इसमें संस्कृत और मराठी आदि अन्य देवनागरी लिपि वाली भाषाएं भी जोड़ी जाएं। इसके अतिरिक्त इसमें हिन्दी के अंक उपलब्ध नहीं हैं , हिन्दी में वही अंक अच्छे लगते हैं अरबी वाले नहीं।
» नए टाइपिस्टों के लिए On the fly हैल्प जैसे Indic IME में होती है बहुत उपयोगी होगी।
» इसके इंस्टालर में एक यूनिकोड हिन्दी फॉन्ट जैसे रघु (अथवा कोई अधिक सुंदर फॉन्ट) भी शामिल किया जाए ताकि जिसके सिस्टम में यूनिकोड फॉन्ट न हो उसे अलग से खोजने और इंस्टाल करने की जरुरत न पड़े।
» एक बार फाइलन वर्जन बन जाने पर इसे Digit, PC Quest, EFU आदि आई टी मैगजीनों तथा Download.com एवं अन्य प्रसिद्धि डाउनलोड साइटों पर उपलब्ध कराया जाए ताकि जो लोग हिन्दी टाइपिंग से अनभिज्ञ हैं वे इसके बारे में जान सकें। मुझे एक ऐसी ही साइट से HindiPad नामक टूल का पता चला था।
» फोनेटिक कीबोर्ड की ट्रांसलिट्रेशन स्कीम को सरल, लचीली तथा जहाँ तक हो सके प्राकृतिक (अर्थात प्रयोगकर्ता के दिमाग में जिस अक्षर/मात्रा आदि के लिए जो चीज आए) बनाया जाए।
सरल से मेरा मतलब है कि जिन चिन्हों (वर्ण, मात्राएं आदि) के लिए एकाधिक key combination प्रचलित हैं उनमें सरल वाला तथा जिसमें कम कुँजियाँ दबानी पड़ें, वह लिया जाए। उदाहरण के लिए बड़ी 'इ' की मात्रा ('ई') के लिए ee भी प्रचलित है और Shift+i भी इनमें अद्यपि पहले वाला फोनेटिकली अधिक सही है लेकिन टाइपिंग के लिहाज से दूसरा अधिक आसान है। यही बात 'आ' टाइप करने में भी है आ = aa या Shift+a
प्राकृतिक से मेरा मतलब है कि वे की कंबिनेशन लिए जाएं जिनमें प्रयोगकर्ता सहूलियत महसूस करे, इस मामले में हो सके तो भाषा और ध्वनि-विज्ञान संबंधी कट्टरता न बरती जाए। उदाहरण के लिए Baraha में 'ज्ञ' लिखने के लिए दबाना होता है j~j इस बारे में नए टाइपिस्टों (बल्कि पुरानों को भी) को अक्सर दिक्कत होती है, यद्यपि यह भाषाविज्ञान की दृष्टि से उचित है। इसकी बजाय जैसे Indic IME में सरल तरीका है Gy जिसका सहज ही अनुमान लगाया जा सकता है। इसके लिए विभिन्न ट्रांसलिट्रेशन स्कीमों का अध्ययन किया जाए और सरलतम की कंबिनेशन चुने जाएं।
लचीली से मेरा मतलब है कि यदि संभव हो तो एकाधिक key combination उपलब्ध कराए जाएं ताकि विभिन्न टूल प्रयोग करने वालों को इसका कीमैप एडोप्ट करने में दिक्कत न हो। उदाहरण के लिए BarahaIME में 'आ' को दोनों तरह से लिखा जा सकता है aa द्वारा भी और Shift+a द्वारा भी। इसी तरह 'फ' लिखने हेतु दोनों कंबिनेशन हैं f भी और ph भी आदि। उदाहरण के लिए 'ज्ञ' लिखने के लिए भी j~j और Gy दोनों कंबिनेशन रखे जा सकते हैं।
» Settings में इसे विंडोज के साथ शुरु करने का विकल्प दिया जाए, साथ ही स्टार्ट अप पर डिफॉल्ट भाषा का भी। कुछ इस तरह:
[यहाँ पर चैकबॉक्स] Start Cafe Hindi tool when windows start.
Default input language on windows startup: [यहाँ पर ड्रॉप डाउनबॉक्स Hindi/English]
दूसरे वाला विकल्प बाई डिफॉल्ट ग्रे रहे (मतलब क्लिक न किया जा सके) और जब पहला चैकबॉक्स चैक हो तो अन ग्रे हो।
» यह सुझाव जरा कॉस्मैटिक है। Settings विंडो में निम्न वर्तनियाँ सुधारी जाएं।
सोफ्टवेयर --> सॉफ्टवेयरचुनिये --> चुनिए
लिये --> लिए
आयें --> आएं
उपरोक्त में अंतिम तीन वैसे कामचलाऊ तौर पर सही हैं पर उनके शुद्ध रुप अधिक बेहतर हैं।
पुनश्च: मैथिली जी से एक बात जान कर बहुत खुशी हुई की हिन्दीपैड नामक सॉफ्टवेयर की डेवलपर टीम में वे भी शामिल हैं। HindiPad पुराने समय में अत्यंत लोकप्रिय रहा है। मैंने पहली बार इसी में हिन्दी टाइप की थी और इसी से फोनेटिक हिन्दी टाइपिंग से परिचित हुआ था।
विवरण तथा डाउनलोड
होमपेज
डाउनलोड (353 KB)
.Net Framework 2.0 (22 MB)
संबंधित कड़ी
कैफे हिन्दी टाइपिंग औजार - एक नया बढ़िया और आसान औजार
यह लेख पहले पूरा कैफेहिन्दी टूल से लिखा था, लेख समाप्ति की ओर था कि अचानक ब्लॉगर की मेहरबानी से पोस्ट साफ हो गई। अतः दोबारा सारा लेख लिखना पड़ा, पहले जैसी बात न रही। खैर इस पर फिर कभी।
Technorati tags: Hindi, Type, Typing, Hindi Typing, Cafe Hindi Typing Tool, IME, Remington, Phonetic, InScript, Software, Review, हिन्दी, टाइप, टाइपिंग, हिन्दी टाइपिंग, कैफेहिन्दी टाइपिंग टूल, रेमिंगटन, फोनेटिक, इनस्क्रिप्ट, सॉफ्टवेयर, समीक्षा








24 टिप्पणियाँ:
धन्यवाद श्रीश जी, आपने जो जो कमियां बतायी हैं हम उन पर लग जाते हैं और उनको दूर करके आपको यहीं पर सूचित करते हैं.
ऐ का तो पता नहीं कर पाया हूँ.. पर चन्द्र बिदु बनाने के लिये शिफ़्ट दबा कर m दबाने से पहली बार में बिन्दु बनता है.. और दूसरी बार फिर से शिफ़्ट के साथ m दबाने से चन्द्र भी बन जाता है..
एक दो समस्याएं और भी है श्रीश..अक्सर टाइप करते समय आप कुछ गलत टाइप कर जाते हैं.. तो उसे मिटाते समय उसी अनुपात में वह मिटना चाहिये जिस अनुपात में छ्पता है.. मेरा खयाल है कि कैफ़े हिन्दी में यह अनुपात सही नहीं है.. 'त्त' छपने में तीन कीज़ का इस्तेमाल हुआ .. पर मिटाने में शायद चार कीज़ लगती हैं..जिससे एक कन्फ़्यूज़न बना रहता है..
उत्तम जानकारी, व उससे भी उत्तम सुझाव.
श्रीश जी ये बताएँ कि आपने टैग लगाने के लिए कौन सा स्वचालित प्लगइन या औजार इस्तेमाल किया है? कोई कड़ी इत्यादि हो तो दें.
श्रीश जी;
कीमैप, हैल्प फाईल, ट्रांसलिट्रेशन संबन्धी हैल्प तैयार हो गयी है.
भाषा टॉगल F11 से हटाकर F12 पर लगा ली गई है.
रवि रतलामी जी के सुझावानुसार शुषा की बोर्ड लेआउट भी डाल रहे हैं. उनके अन्य बताये दिशा निर्देशों पर भी काम जारी है.
इसमें हम एसी सेटिंग डालने जा रहे हैं कि आप चाहे तो (अ) देवनागरी अंक इस्तेमाल कर सकें चाहे तो अंतर्राष्ट्रीय (ब) चाहे तो फुल स्टाप इस्तेमाल कर लें, चाहे तो खड़ी पाई.
इसके इंस्टालर में एक यूनीकोड फोन्ट डाला जा रहा है. बल्कि हम कोशिश करेंगे कि हमारे पुराने फोन्ट्स (कृतिदेव) में से कुछ आकर्षक फोन्ट को यूनीकोड बना कर डाला जा सके.
आपका शेयरवेयर साईट्स पर डालने का सुझाव भी अच्छा है, पर ये शेयरवेयर साईट्स फ्रीवेयर का समर्थन नहीं करती. इसी लिये इसमे एक्टिवेशन का बटन डाला है. हिन्दी यूनीकोड टायपिंग टूल बिना एक्टिवेशन के भी काम करता है.
अभय जी;
आपने जितना पिछला बताया था वह सही कर दिया है.
नये संस्करण में ऐ ai पर आता है.
मिटाते समय गलत अनुपात की समस्या दूर कर दी गई है.
हम नया संस्करण कल दोपहर तक उपलब्ध करा देंगे.
इसके अतिरिक्त
जिन कम्प्यूटर्स पर नेट 2.0 नहीं है उनके लिये अलग संस्करण भी उपलब्ध तैयार है.
आप सबने इस साफ्टवेयर की टेस्टिंग के लिये इतना श्रम लगाया, मैं आपका आभारी हूं .
बहुत खुब विश्लेषण किया है.
वाह, श्रीश जी। आप तो हमारा भरोसा बढ़ाते ही जा रहे हैं। बहुत अच्छा तकनीकी विश्लेषण।
अरे भाइ लोगों
अभी कल ही मैने लिऩक्स इन्स्टाल किया है........
कोइ एसी तक्नीक है क्या जो वहां आफ् लाइन हिन्दि लिख सकुं?????????
कोइ मदद करो भाइ
चन्दन जी,
यहाँ या फिर यहाँ देखें
बहुत बहुत धन्यवाद पंडितजी, आप सदा ख़ुश रहें।
गहरी विश्लेषण परक आलेख देखा अच्छा लगा…Keep it up....
@मैथिली,
मैथिली जी बहुत धन्यवाद कि आपने मेरे सुझावों पर गौर किया और उन्हें क्रियान्वित करने में दिलचस्पी ली। उम्मीद करता हूँ कि कैफेहिन्दी शीघ्र ही सर्वश्रेष्ठ IME होगा।
@अभय तिवारी,
शुक्रिया अभय भाई इस बारे में बताने के लिए, आपके सुझाव पर मैथिली जी ने अपनी प्रतिक्रिया दे दी है।
@Raviratlami,
धन्यवाद रवि जी, टैग लगाने के लिए मैंने WLW के Tags4writer नामक प्लगइन का प्रयोग किया है। मैं इस बारे में जानकारी एकत्र कर रहा हूँ, शीघ्र ही इस विषय पर एक पोस्ट लिखूँगा।
@Chandan,
चंदन जी रवि जी के दिए लिंक्स पर जाएं, अधिक सहायता हेतु उन्हीं से संपर्क करें।
संजय भैया, सृजनशिल्पी जी, शुएब भाई और दिव्याभ जी धन्यवाद!
"उदाहरण के लिए बड़ी 'इ' की मात्रा ('ई') के लिए ee भी प्रचलित है और Shift+i भी इनमें यद्यपि पहले वाला फोनेटिकली अधिक सही है लेकिन टाइपिंग के लिहाज से दूसरा अधिक आसान है। यही बात 'आ' टाइप करने में भी है आ = aa या Shift+a
"
हमने हिन्दीपैड में Shift वाले काम्बीनेशन ही रखे थे. इसमें भी दोंनो काम्बीनेशन पहले से ही हैं.
बल्कि एसा करते हैं कि आप अपनी प्रेफ्रेन्सेज आप्शन से इन्हें सेट करने की सुविधा डालने कि व्यवस्था कर देते हैं.
एक बात और-
किसी भी दिक्कत के लिये हम भी केवल एक मेल की दूरी पर ही हैं.
कइर् िदनाें तक साेचने िचंता एेसे अाैर
भई, ऊपर हमारे डाउनलोडेड कफेहिंदी की रेमिंगटन वाली कमियां दिख रही हैं. नीचे बारहा के पुराने औजार के नतीजे हैं. कहां, क्यों कमी रह जा रही है, प्रकाश डालें।
प्रमोद जी, रेमिंग्टन और शुषा की फाईल शायद इस सैटअप में नहीं गई हैं. कर शाम तक इन सभी गलतियों को सुधार कर नया अपलोड कर दूंगा
बढ़िया जानकारी और मैथली जी को साधुवाद.
आपका न्योता मिला और बहुत खुशी हुई। नारद पर मैने आपने आपको पंजिक्रित करवा लिया है।
श्रीशजी, हिन्दी के सॉफ्टवेयर बनाना तो आसान है उसका प्रचार करना एवं जरूरतमंदों तक पहुँचाना और भी ज्यादा आवश्यक है। ये दायित्व आप बखूबी निभा रहे हैं। आपकी हिन्दी सेवा सराहनीय है और साथ ही विविध तकनीकी जानकारियॉं भी हिन्दी मंच पर उपलब्ध करवाकर आप हम जैसे कम तकनीकी ज्ञान वालो को उपलब्ध करा निसंदेह एक नेक काम कर रहे हैं। साधुवाद स्वीकारें।
I am just heart sick about this! I must let the beautiful people of India know: Within the next few months, Mary Kay, Inc. will open Mary Kay India and I want to let the women of your country know just what it is all about.
Please! Please! Please! Do a lot of research about how Mary Kay, Inc. operates before "joining" the company. On the surface it looks like the opportunity of a lifetime but in reality, it is a multi-level marketing (MLM) aka "pyramid" scheme and truly the very few who make any kind of real income are making that money at the expense of the vast majority of the "underlings" --the people that are recruited.
Intelligent people really scrutinize the facts and do not simply listen to the hype. Please do some serious investigating before becoming involved in Mary Kay India.
Here is a place to get your started on your research. www.pinktruth.com
There are more true-to-life experiences with Mary Kay as independent beauty consultants and sales directors here than any other place.
For so long it was unheard of to "complain" or "question" the results and activities and business practices & ethics of the corporation and other independent consultants.
Now there is a place!
जो आज्ञा महाराज, इसको भी डाऊनलोड करके आजमाते हैं। वैसे मै आजकल इधर हिन्दी राइटर की अपेक्षा बराह प्रयोग कर रहा हूँ, लेकिन दिक्कत बराह मे सिर्फ़ की बोर्ड का मैप न होने की है । अगर मैथिली जी का यह साफ़्टवेएर इस परेशानी को दूर कर सके तो बहुत कृपा होगी। F11 की बात से तो मै भी सहमत हूँ कि फ़ायर्फ़ाक्स मे F11 और भाषा परिवर्तन के लिये F11 को अलग- 2 होना चाहिये । हिन्दी राइटर के साथ जो मुझे दिक्कत आ रही है कि आफ़लाइन होते हुये तो भाषा परिवर्तन (shift +pause ) सही काम करता है ल्रेकिन इन्टर्नेट खुला रहने पर भाषा परिवर्तन करते समय सिस्टम हैंग कर जाता है।
विश्लेषण तो अच्छा है ही साथ इस हिन्दी लेखन टूल के प्रचार के आपके प्रयास भी सराहनीय हैं।
श्रीश जी,
मुझे तो यह प्रोग्राम अच्छा लगा. डाउनलोड करते ही पता चल गया की .net में बनाया गया है.
पर अगर C/C++ में लिखा गया होता तो बेहतर होता.
की-बोर्ड ले-आउट अगर हिन्दी आई.एम.ई जैसे होता तो मजा आ जाता :)
रवि जी नमस्कार, आप ने मेरी समस्या का हल नहीं दिया,मेरा कम्प्युटर हिन्दी के लिए एनेबल है लेकिन फिर भी यूनिकोड बारहा नहीं चल रहा अजीब से चिन्ह आ जाते हैं क्या कोई ख़ास फॉन्ट बदलना पडेगा . जबकि ओपन ऑफिस में बरहा यूनिकोड चल रहा है. माफ किजिए बार बार तंग कर रहा हूँ.
रिंकी जयसिंह
बहुत ख़ूब श्रीश जी! बहुत ही बढ़िया चीज़ बताई है आपने | अभी तक मैं हिंदी लिखने के लिए quillpad.in का प्रयोग कर के बड़ा संतुष्ट था | इसे भी आज़मा लेते हैं |
viveik
हिन्दि मे खोज!
http://www.yanthram.com/hi/
हिन्दि खोज अपका सैटु के लिये!
http://hindiyanthram.blogspot.com/
हिन्दि खोज आपका गुगुल पहेला पेजि के लिये!
http://www.google.com/ig/adde?hl=en&moduleurl=http://hosting.gmodules.com/ig/gadgets/file/112207795736904815567/hindi-yanthram.xml&source=imag
टिप्पणी करें
लिंक करें