Monday, 25 June, 2007

पॉडकास्ट को इंटरनैट पर अपलोड करना तथा ब्लॉग पर प्रकाशित करना

How to upload and publish a podcast on your blog. Upload podcast on Internet Archive (Archive.Org) and Embed flash audio player in your Blogger, WordPress and WordPress.com blog.

पिछली कक्षाओं में हमने सीखा कि पॉडकास्ट क्या है, इसे ऑनलाइन और ऑफलाइन किस प्रकार रिकॉर्ड किया जाए। आज हम जानेंगे कि रिकॉर्ड किए हुए पॉडकास्ट को इंटरनैट पर अपलोड करना और उसे ब्लॉग पर डालना ताकि पाठक उसे सुन सकें।

अब पॉडकास्टिंग के इस अंतिम क्रम में दो चरण हैं:

  1. पॉडकास्ट को इंटरनैट पर अपलोड करना
  2. पॉडकास्ट को अपने ब्लॉग पर संलग्न (Embed) करना

1. पॉडकास्ट को इंटरनैट पर अपलोड करना

इस चरण में हम अपने पॉडकास्ट को किसी फ्री वैबस्पेस जैसे Internet Archive पर अपलोड करेंगे। अब जरा बात की जाए फ्री वैबस्पेस की। यद्यपि कई साइटें मुफ्त में अपलोडिंग हेतु वैबस्पेस देती हैं लेकिन उन सब में कोई न कोई लिमिटेशन होती है। कोई साइट सीमित स्पेस देगी, कोई फाइल का डायरैक्ट लिंक नहीं देगी, कोई एक निश्चित समय तक एकाउंट एक्सैस न करने पर उसे डिलीट कर देगी आदि। इसके अतिरिक्त यदि आपके पास अपना वैबस्पेस है तब भी आपको बाहरी सर्वर पर पॉडकास्ट अपलोड करने की सलाह दी जाती है क्योंकि अपने सर्वर पर होस्ट करने से सर्वर पर बहुत लोड पड़ता है। इन सब बातों के मद्देनजर Internet Archive से बेहतर सेवा नहीं। इसके कुछ फीचर्स निम्न हैं:

» यह एक पुरानी और भरोसेमंद सेवा है। इसके बंद होने के चांस दूर-दूर तक नहीं। अमित भाई के शब्दों में, "इंटरनैट पर लंबी मौजूदगी होगी।"

» इस पर अपलोड की गई फाइल हमेशा रहती है, जब तक कि आप उसे स्वयं न मिटा दें।

» स्पेस की कोई सीमा नहीं, जितना मर्जी डाटा अपलोड कीजिए।

» तीव्र बैंडविड्थ, जितनी बैंडविड्थ अधिक होगी, पॉडकास्ट ऑनलाइन उतना ही स्मूथ चलेगा।

» FTP अपलोड की सुविधा जो कि बड़े साइज की फाइलों तथा बहुत सी फाइलों को इकट्ठा अपलोड करने में बहुत उपयोगी है।

» फुल्ली फ्री जुगाड़ है जो मर्जी अपलोड करो, जितना मर्जी अपलोड करो कोई लिमिट नहीं। जब इतना बढ़िया जुगाड़ मुफ्त में उपलब्ध है तो अंटी से पैसे क्यों खर्च किए जाएं।

पॉडकास्ट को Internet Archive पर अपलोड करना

इसके दो तरीके हैं, एक तो वैब इंटरफेस द्वारा अपलोड करना दूसरा FTP द्वारा। छोटी फाइलों के लिए वैब इंटरफेस ठीक है जबकि बड़ी फाइलों के लिए FTP। इसके अतिरिक्त एकाधिक फाइलें अपलोड करने के लिए भी FTP बेहतर है। फिलहाल हम वैब इंटरफेस वाली सरल विधि का प्रयोग करेंगे। FTP पर एक लेख अलग से लिखूंगा।

» यदि आपका Internet Archive पर अकाऊंट नहीं है तो बना लें, इसके लिए इसके होमपेज पर दांई तरफ ऊपर Join Us लिंक पर क्लिक करें।

» अपने अकाऊंट में लॉग इन करें, इसका लिंक भी दांई तरफ ऊपर दिया गया है। अब नीचे दर्शाएं अनुसार Upload बटन पर क्लिक करें।

» अब नीचे दर्शाया गया पेज खुलेगा, यहाँ अपने प्रोजैक्ट को कोई नाम दें। यदि आप एक ही फाइल अपलोड करने जा रहे हैं तो उसी का नाम दे दें, अन्यथा यदि एकाधिक फाइलें अपलोड करनी हों तो तदनुसार नाम दें।

» अब जो पेज खुलेगा उसमें अपलोड की जाने वाली फाइल का विवरण डालना है। ध्यान रखें कि सब जगह अंग्रेजी में ही लिखें क्योंकि यह यूनिकोड सपोर्ट नहीं करता। Title बॉक्स पहले से भरा होगा, Description में पॉडकास्ट संबंधी संक्षिप्त जानकारी डालें। Keywords में पॉडकास्ट संबंधी टैग्स डालें जैसे Podcast, Hindi आदि, इन्हें कौमा (,) द्वारा अलग करें। Author बॉक्स में अपना नाम लिखें।

» अब अपने कार्य हेतु लाइसेंस चुनें। इसके लिए Creative Commons License के आगे दिए Choose License लिंक पर क्लिक करें।

इससे नीचे दिखाई पॉपअप विंडो खुलेगी।


इसमें अपनी इच्छानुसार विकल्प चुनें और Select a License बटन पर क्लिक करें। अब निम्न पेज प्रदर्शित होगा।

Proceed लिंक पर क्लिक करें। अब आपके द्वारा चुना गया लाइसेंस का लिंक विवरण पेज पर आ जाएगा।

इस लिंक पर क्लिक करके आप चुने गए लाइसेंस का प्रिव्यू देख सकते हैं।

» नीचे Files to upload बॉक्स में ब्राउज करके अपलोड की जाने वाली फाइल चुनें। यदि एकाधिक फाइलें अपलोड करनी हो तो Add more files लिंक पर क्लिक करें।

आप जिस तरह की फाइल चुनेंगे वो Type of item में अपने आप आ जाएगा। उदाहरण के लिए हमने mp3 फाइल चुनी तो इसमें Audio का आइकॉन अपने आप चुन लिया जाएगा।

सारे विकल्प सैट करने के पश्चात यह पेज निम्न प्रकार से दिखाई देगा।

» अब सबसे नीचे दिए Upload files बटन पर क्लिक कर दें। अपलोड होने में कुछ समय लगेगा, यह समय फाइल/फाइलों के आकार के अनुसार होगा। इस दौरान धैर्य बनाए रखें और फ्रिज में से ठंडा पानी पिएं, शीतल पेय या चाय, कॉफी भी चलेगा। अपलोड प्रक्रिया समाप्त होने पर निम्न संदेश दिखाई देगा।

» Your Page is Ready! के नीचे जो लिंक दिया है उसे क्लिक करें। यहाँ पर आपकी अपलोड हुई फाइलों के बारे में विवरण है।

यहाँ पर नीचे दाएं Individual Files नामक फ्रेम में Audio Files में आपके द्वारा अपलोड की गई फाइलों के डायरैक्ट लिंक दिए हैं। इनमें VBR MP3 (128 kbps), Ogg Vorbis (उन्मुक्त जी सुन रहे हैं न) तथा 64 kbps MP3 शामिल हैं।

इनमें से VBR MP3 वाला लिंक कॉपी कर लें। इसी लिंक को हम अपने पॉडकास्ट हेतु प्रयोग करेंगे। उदाहरण के लिए परीक्षण हेतु मैं यह लिंक प्रयोग करूंगा। अब Internet Archive वाला काम खत्म।

2. पॉडकास्ट को अपने ब्लॉग पर संलग्न करना

अब इस अंतिम चरण में हम अपलोड किए गए पॉडकास्ट को अपने ब्लॉग पर एक ऑडियो प्लेयर में संलग्न (Embed) करेंगे ताकि हमारे पाठक/श्रोता बिना किसी बाहरी प्लेयर की मदद से उसे ऑनलाइन सुन सकें। ऐसा करना आवश्यक है क्योंकि यदि आप ऐसा न करके केवल लिंक दे देंगे तो आपके पाठक/श्रोता इतना कष्ट नहीं करने वाले कि लिंक कॉपी/डाउनलोड करके अपने प्लेयर में चलाएं। ध्यान दें कि मौजूदा अधिकतर संलग्न किए जा सकने वाले प्लेयर Flash Player का उपयोग करते हैं जो कि केवल MP3 फॉर्मेट सपोर्ट करता है।

Chipmunk Effect: इसके अतिरिक्त MP3 फाइल 11.025 kHz के गुणज (Multiple) जैसे कि 11.025 kHz, 22.050 kHz, 44.100 kHz आदि पर एन्कोड होनी चाहिए। यदि एन्कोडिंग 11.025 kHz की गुणज न हो तो Macromedia Flash Player उसे ठीक से नहीं चला पाता, प्लेबैक लगभग दुगुनी स्पीड पर चलता है। इसे Chipmunk Effect कहा जाता है, इससे बचने के लिए MP3 फाइल 11.025 kHz के गुणज पर ही एन्कोड करें, हम 44.100 kHz का प्रयोग करेंगे।

अब विभिन्न ब्लॉग प्लेटफार्म हेतु प्लेयर संलग्न करने की विधि अलग-अलग है जिसे हम एक-एक करके जानेंगे।

ब्लॉगर

ब्लॉगर के लिए सरलतम है पिकल प्लेयर का प्रयोग करना।

» पिकल प्लेयर का कोड प्राप्त करना

Podcast Pickle की साइट पर जाएं, नीचे फुटर में Free Pickle Player नामक लिंक दिया है।

इस पर क्लिक करके एक पेज खुलेगा जिसमें विभिन्न प्लेयर दिए गए होंगे, इनमें से निम्न Single Episode Player चुन लें तथा उसके नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें।

सुविधा के लिए यह लिंक बुकमार्क कर लें ताकि आगे से सीधे इस पेज पर आया जा सके।

अब नीचे दर्शाया पेज खुलेगा।

इसमें पहले टैक्स्ट बॉक्स में ऑडियो फाइल (पॉडकास्ट) का URL (Internet Archive वाला जो कि ऊपर कॉपी किया था) डालें।

इसके पश्चात नीचे 'Get Your Free Single Episode Player' बटन पर क्लिक करें। इससे निम्न दर्शाए अनुसार पेज खुलेगा जिसमें कि प्लेयर का कोड दिया होगा, इसे कॉपी कर लें।

» ब्लॉग पोस्ट में प्लेयर का कोड लगाना

अपने ब्लॉगर खाते में लॉगइन करके एक नई पोस्ट बनाएं।

अब HTML मोड में जाने के लिए चित्र में दर्शाए अनुसार 'एचटीएमएल संपादन/Edit HTML' पर क्लिक करें।

अब यहाँ पर प्लेयर का ऊपर कॉपी किया गया कोड चिपका दें।

'लिखें/Compose' पर क्लिक करें।

अब आप कंपोज मोड में आ जाएंगे, अभी प्लेयर ठीक से नहीं दिखेगा।

यहाँ 'पूर्वदर्शन/Preview' पर क्लिक करें।

यहाँ आप प्रिव्यू देख सकते हैं, प्लेयर को चला कर देखें। यदि सब ठीक है तो 'पूर्वदर्शन छिपाएं/Hide Preview' पर क्लिक करें। इससे आप कंपोज मोड में आ जाएंगे।


अब पोस्ट में वांछित लेबल जैसे 'पॉडकास्ट' आदि लगाकर प्रकाशित कर दें।

उदाहरण के लिए यह टैस्ट पॉडकास्ट देखिए:




वर्डप्रैस.कॉम

वर्डप्रैस.कॉम में पहले एकमात्र Odeo का प्लेयर लगाया जा सकता था जिसके बड़ा लंबा प्रोसैस था। लेकिन कुछ समय पूर्व से WP.Com वालों ने अपना प्लेयर उपलब्ध करवा दिया है जिसके कारण यह कार्य अत्यंत आसान हो गया है। इस प्लेयर हेतु MP3 फाइल 44.1 kHz पर एन्कोड होनी चाहिए।

अपने वर्डप्रैस खाते में लॉगइन करें और एक नई पोस्ट बनाएं।


अब इसमें प्लेयर लगाने के लिए निम्न Syntax का प्रयोग करें।

[audio Link_to_audio_file.mp3]
उदाहरण के लिए:
[audio http://archive.org/download/Podcast/MyCast.mp3]

नोट: कुछ ब्राउजर जैसे IE आदि में उपरोक्त Syntax टाइप करते वक्त URL अपने आप हाइपरलिंक में बदल जाता है, जिससे कि प्लेयर काम नहीं करता। इससे बचने के लिए 'audio' और 'http...' को इकट्ठे टाइप करें, बीच में स्पेस न रखें। पूरी लाइन टाइप करने के बाद बीच में स्पेस दे दें।

दांई ओर साइडबार में Category में 'पॉडकास्ट' विकल्प चुन लें/जोड़ दें। इसके पश्चात Preview लिंक पर क्लिक करें।


यहाँ आप प्रिव्यू देख सकते हैं, प्लेयर को चला कर देखें। यदि सब ठीक है तो पोस्ट प्रकाशित कर दें।

इसके प्लेयर का उदाहरण देखिए:

वर्डप्रैस

वर्डप्रैस में ब्लॉगर की ही तरह पिकल प्लेयर का प्रयोग कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त इसके लिए एक ऑडियो प्लेयर प्लगइन उपलब्ध है जिसे एक बार इंस्टाल कर लेने के बाद वर्डप्रैस.कॉम की तरह प्लेयर लगाना सिर्फ एक लाइन लिखने का काम है।

Audio Player WordPress Plugin

यह एक बेहतरीन प्लगइन है जो कि विभिन्न फीचर्स के अतिरिक्त प्लेयर कस्टमाइज करने के लिए बहुत से विकल्प देता है। यह वर्डप्रैस १.५ से २.१ को सपोर्ट करता है। छोटे आकार के इस प्लगइन को इंस्टाल एवं प्रयोग करना बहुत आसान है। यहाँ पर हम केवल डिफॉल्ट सैटिंग्स का प्रयोग करेंगे।

होमपेज
डाउनलोड करें (साइज: ५१.२ केबी )

» प्लगइन इंस्टाल करना

१. ज़िप फाइल को एक्सट्रैक्ट करके वर्डप्रैस ब्लॉग के Plugins फोल्डर में अपलोड करें।

आपकी फोल्डर संरचना कुछ इस तरह से दिखाई देगी।



२. यदि आप अपने सर्वर पर फाइलें होस्ट करना चाहते हैं (यद्यपि ऐसा नहीं करने की सलाह दी जाती है) तो ब्लॉग की रुट डायरैक्ट्री में (जहाँ आपने वर्डप्रैस इंस्टाल किया है) एक Audio नामक फोल्डर बनाएं जिसमें कि आप अपनी MP3 फाइलें अपलोड करेंगे। यदि आप किसी अन्य फोल्डर का प्रयोग करते हैं तो Options Panel में Audio Files Directory विकल्प बदल दें।

३. WP Admin में प्लगइन को एक्टिवेट करें।

४. WP Admin में Options>Audio Player में जाएं। यहाँ आप प्लेयर संबंधी विभिन्न विकल्प यथा कलर आदि सैट कर सकते हैं।

» ब्लॉग पोस्ट में प्लेयर का कोड लगाना

वर्डप्रैस ब्लॉग के डैशबोर्ड में जाकर नई पोस्ट बनाएं।

यदि ऑडियो फाइल आपके ब्लॉग रुट के Audio फोल्डर में है तो निम्न Syntax का प्रयोग कर कोड लगाएं।

[audio:name_of_mp3_audio_file.mp3]
यदि आपकी ऑडियो फाइल इंटरनैट पर अन्यत्र किसी सर्वर पर होस्ट है तो निम्न सिन्टैक्स का प्रयोग करें।
[audio:Link_to_audio_file.mp3]
उदाहरण के लिए:
[audio:http://www.archive.org/download/Podcasts/MyCast.mp3]
नीचे दिए चित्र में यह सपष्ट किया गया है:

पोस्ट प्रकाशित करने पर निम्न प्लेयर प्राप्त होगा:

इस प्लेयर द्वारा एकाधिक फाइलों को भी चलाया जा सकता है, फाइल नामों के बीच में comma का प्रयोग करें। इसके लिए निम्न सिन्टैक्स का प्रयोग करें:

[audio:name_of_mp3_file1.mp3,name_of_mp3_file2.mp3,name_of_mp3_file3.mp3]

WP Admin में Options>Audio Player में आप प्लेयर का रंग संशोधित कर सकते हैं। जैसे कि अमित भाई ने अपनी जादुई आँख में कर रखा है:


और तरुण भाई ने उत्तरांचल में:



कलर कस्टमाइजेशन तथा पॉडकास्टिंग संबंधी विभिन्न विकल्पों के लिए अधिक जानकारी हेतु यहाँ जाएं।

वर्डप्रैस वाले इस प्लेयर को एक हैक द्वारा ब्लॉगर हेतु भी प्रयोग किया जा सकता है (जैसा कि मैंने इस पोस्ट में एक-दो जगह किया है), इस पर एक अलग लेख लिखूँगा।

इति श्री पॉडकास्टिंग महापुराण! आगे भी इस विषय पर लिखता रहूँगा लेकिन इतना तो लिख ही चुका हूँ कि कोई नौसिखिया भी पॉडकास्ट कर सके। तो देर किए बात की सब कुछ फुल्ली फ्री में उपलब्ध है, उठाइए माइक और बन जाइए पॉडकास्टर। smile_shades

पॉडकास्टिंग सीरीज के अन्य लेख

11 टिप्पणियाँ:

Pankaj Bengani ने कहा...

धन्य हो प्रभु!!

श्रीश भाई तुमने तो कमाल कर दिया. बहुत अच्छे. बहुत सही जानकारी.

Sanjeet Tripathi ने कहा...

वाह!!
शुक्रिया पंडित जी!! काम की जानकारी दी आपने!!

DR PRABHAT TANDON ने कहा...

बडी मेहनत की है , दाद देनी पडेगी ; शायद वक्त आने पर मेरे भी काम आये !

Udan Tashtari ने कहा...

जैसे मरुस्थल में बारिश की फुहार!!! आह्ह!! इसी का तो इन्तजार कर रहा था, कैसे जाना? यही होती है असली चाहने वालों की पहचान कि आप मुसीबत में आये और मित्र हाजिर..बस अब काम बन गया समझो. कल तक होमवर्क करके बता देंगे कि हमने क्लास ठीक से अटेंड की है, बहुत आभार. :)

Hindi Blogger ने कहा...

बहुत-बहुत धन्यवाद. आपने पुर्जा-पुर्जा अलग करके रख दिया. ब्लॉग पर जब कभी भी कोई ऑडियो लगाने की सोचूँगा, आपके निर्देशों का ही पालन करना चाहूँगा.

Divine India ने कहा...

क्यों सररररर……कैसे हैं,
अब आयेगा न मजा…!!
बहुत उत्तम जानकारी।

उन्मुक्त ने कहा...

श्रीष जी
पढ़ रहा हूं और बहुत अच्छा भी लग रहा है।
मैं लगभग एक साल से नियमित रूप से पॉडकास्टिंग कर रहा हूं। मेरे विचार से यह महत्वपूर्ण है कि उस पर हिन्दी का समर्थन हो। रचना जी की बिटिया निशी ने एक पॉडकास्ट किया है। इसकी सूचना उनके चिट्ठे पर नहीं है पर यहां है। मैं इस पर हिन्दी से टिप्पणी नहीं कर पाया। वह कूड़ेे की तरह दिखाायी पड़ती है। इसलिये अंग्रेजी में टिप्पणी करनी पड़ी। eSnips जहां पर मैं अपने पॉडकस्ट रखता हूं उसमें हिन्दी का अच्छा समर्थन है। वहां आप हिन्दी में चिट्टा भी लिख सकते हैं।

sunita (shanoo) ने कहा...

श्रीश भाई आपने तो बहुत सही जानकारी दी है मै समझ नही पा रही थी की अपने चिट्ठे पर पॉडकास्ट कैसे किया जाये..अब कोशिश करुंगी..

आपके चिट्ठे को मैने फ़ेवरेट में लिया है ताकी और बहुत कुछ सीखा जा सके...

शानू

Suresh Chiplunkar ने कहा...

हमेशा की तरह पंडित जी की तरफ़ से उत्तम जानकारी... लगे रहिये सर ! इसी बहाने हम नालायक लोग कुछ सीख जाते हैं, वरना तो दाल-रोटी की जुगाड़ में कुछ सीखने का वक्त ही नहीं मिलता :) बहुत उम्दा जानकारी...

mahashakti ने कहा...

बहुत अच्‍छी जानकारी, पर कुछ ज्‍यादा लम्‍बा कर दिया था।

थोड़ी थोड़ी क्‍लास लिया करें। :)

Shastri J C Philip ने कहा...

एक लेख में वृहद जानकारी उपलब्ध करवाने के लिये आभार. अब कहीं और जाने की जरूरत नहीं है. पॉडकास्ट का मन भी बन गया है.

हाल की प्रविष्टियाँ