Sunday 30 September 2007

विण्डोज एक्सपी में हिन्दी कीबोर्ड जोड़ना

विण्डोज एक्सपी में इण्डिक सपोर्ट सक्षम करना (भाग-२)

Adding Hindi keyboard in Windows XP Control Panel, Setting default input language and changing default key sequence for switching input language.

पिछले लेख में मैंने विण्डोज एक्सपी में इण्डिक सपोर्ट सक्षम करने बारे बताया था। इस लेख में मैं बताने जा रहा हूँ कि विण्डोज एक्सपी के कंट्रोल पैनल में हिन्दी कीबोर्ड कैसे जोड़ें। यह कार्य करने से पहले कम्प्यूटर पर इण्डिक सपोर्ट सक्षम करें जिसकी विधि उपरोक्त लेख में दी गई है।

विण्डोज के कंट्रोल पैनल में विभिन्न भाषाओं में इनपुट हेतु कीबोर्ड जोड़ने की सुविधा होती है। जब आप इण्डिक समर्थन सक्षम करते हैं तो विभिन्न भारतीय भाषाओं हेतु इनस्क्रिप्ट कीबोर्ड कम्प्यूटर में स्थापित हो जाते हैं। इसी प्रकार Indic IME (जो कि एक प्रसिद्ध हिन्दी कीबोर्ड ड्राइवर है) तथा माइक्रोसॉफ्ट के MSKLC (Microsoft Keyboard Layout Creator) औजार द्वारा बनाए गए कीबोर्ड इंस्टाल होने के उपराँत यहीं से कीबोर्डों की सूची में जोड़े जाते हैं।

मै अब तक दुनिया-जहान के सैकड़ों हिन्दी टाइपिंग औजार आजमा चुका हूँ। इन सब में मैंने बाहरी इनपुट मैथड एटीटरों (BarahaIME, Cafe Hindi Tool  आदि) की बजाय विण्डोज के अपने (native) कीबोर्ड ड्राइवरों/IME को बेहतर पाया क्योंकि ये विण्डोज के द्वारा निर्धारित किए गए सही API का उपयोग करते हैं और ऑपरेटिंग सिस्टम के साथ अच्छे से घुल-मिल जाते हैं। जिस कारण से ये विण्डोज के साथ सर्वाधिक कम्पैटिबल होते हैं तथा सभी यूनिकोडित प्रोग्रामों तथा ऑनलाइन तंत्रों में हिन्दी सही रुप से टङ्कित होती है।

प्रक्रिया

  1. इनपुट भाषा एवँ कीबोर्ड जोड़ना
  2. डिफॉल्ट इनपुट भाषा चुनना
  3. डिफॉल्ट इनपुट भाषा हॉटकी बदलना

इनपुट भाषा एवँ कुञ्जीपट जोड़ना

» Start -> Control Panel में जाएँ।

» अगर आप Category View देख रहे हैं तो Date, Time, Language and Regional Options नामक आइकॉन पर क्लिक करें तत्पश्चात Regional and Language Options चुनें।

» अगर आप Classic View देख रहे हैं तो Regional and Language Options नामक आइकॉन पर क्लिक करें।
या फिर इस काम को थोड़ा स्मार्ट तरीके से करने के लिए Windows Key+R दबाएँ, इससे RUN बॉक्स आ जाएगा, उसमें intl.cpl 0,1 टाइप कर एंटर दबाएँ। :)

» जो विण्डो खुले उसमें Languages टैब चुनें।

Winxp_CtrlPanel_Lang_DetailsButton

» यहाँ Text services and input languages नामक फ्रेम में चिह्नित किए गए Details बटन पर क्लिक करें। इससे Settings नामक टैब खुल जाएगा।

Winxp_CtrlPanel_Lang_AddButton 

» यहाँ नीचे Installed services नामक फ्रेम में दाँई ओर Add बटन क्लिक करें, एक संवाद-बक्सा खुलेगा।

Winxp_CtrlPanel_Lang_AddLangKeyB

» Input language ड्रॉप डाउन मैन्यू में Hindi चुन लें। नीचे Keyboard layout/IME मैन्यू में स्वतः Hindi Traditional आ जाएगा। यदि आप कोई और कुञ्जीपट विन्यास चाहते हैं तो ड्रॉप डाउन ऐरो पर क्लिक करके वह चुन लें।

इसमें देवनागरी के तीन इनस्क्रिप्ट कीबोर्ड हैं: Hindi Traditional, Devanagari - INSCRIPT तथा Marathi

इनमें से हिन्दी के दो हैं, Hindi Traditional (जो कि डिफॉल्ट है) तथा Devanagari - INSCRIPT

संस्कृत तथा कोंकणी के लिए Devanagari - INSCRIPT है।

मराठी के लिए Marathi (डिफॉल्ट) तथा Devanagari - INSCRIPT

इसके अतिरिक्त फोनेटिक तथा रेमिंगटन के प्रयोक्ता Indic IME प्रयोग कर सकते हैं। इंस्टालेशन के उपराँत उसका कीबोर्ड Hindi Indic IME 1 [V 5.1] नाम से ड्रॉप डाउन मैन्यू में दिखाई देगा। माइक्रोसॉफ्ट के कुञ्जीपटल विन्यास सम्पादक (MSKLC) द्वारा बनाए कुञ्जीपट भी अपने नाम के साथ इसी मैन्यू में दिखेंगे।

अपना वाँछित कुञ्जीपट चुनें तथा OK क्लिक कर यह संदेश बक्सा बंद करें। Hindi तथा चयनित कुञ्जीपट Installed services की सूची में जुड़ जाएगा।

Winxp_CtrlPanel_Lang_Keyboard_List_1

डिफॉल्ट इनपुट भाषा निर्धारित करना

विण्डोज की डिफॉल्ट इनपुट भाषा English (US) है, यदि आप चाहें तो डिफॉल्ट भाषा बदलकर Hindi (अथवा कोई अन्य वाँछित भाषा) कर सकते हैं। इससे कम्प्यूटर स्टार्ट होने पर स्वागतम् (Welcome) स्क्रीन से ही इनपुट भाषा डिफॉल्ट रुप से हिन्दी रहेगी।

इसके लिए Text services and input languages विण्डो के Settings टैब में Default input language नामक फ्रेम में ड्रॉप डाउन बॉक्स में से Hindi (अथवा अन्य वाँछित भाषा) चुनें।

Winxp_CtrlPanel_Lang_DefaultInputLang

अब आपके कम्प्यूटर स्क्रीन के दाँई ओर नीचे टास्कबार में भाषा-पट्टी (Language bar) आ जाएगी।

winxp_Language bar_1

उस पर उपलब्ध आइकॉन्स पर क्लिक करके आप इनपुट भाषाएँ तथा कुञ्जीपट विन्यास स्विच कर सकते हैं।

winxp_Language bar_2

winxp_Language bar_3

भाषा-पट्टी संबंधी विकल्प आप ऊपर दर्शाई विण्डो के Preferences फ्रेम में Language Bar बटन द्वारा बदल सकते हैं।

यद्यपि इनपुट भाषा बदलने के लिए बेहतर तरीका कुञ्जी-संयोजन (key sequence) का प्रयोग है। इसके लिए विण्डोज में ALT + SHIFT डिफॉल्ट रुप से निर्धारित है।

भाषा परिवर्तन हेतु डिफॉल्ट कुञ्जी-संयोजन बदलना

हिन्दी तथा अंग्रेजी भाषाओं में स्विच करने हेतु डिफॉल्ट कुञ्जी संयोजन (Key combination, Hotkey) ALT + SHIFT है तथा यदि एक ही भाषा के एकाधिक कुञ्जीपट जोड़े गए हैं तो उनमें CTRL + SHIFT द्वारा स्विच किया जा सकता है।

यह पाया गया है कि डिफॉल्ट हॉटकी ALT + SHIFT विण्डोज के अन्य डिफॉल्ट आदेशों के साथ लोचा (Conflict) करती है, इसके अतिरिक्त इसका प्रयोग भी सुविधाजनक नहीं। अक्सर चार-पाँच बार दबाने के बाद ही यह भाषा बदल पाती है। इस काम के लिए CTRL + SHIFT का उपयोग अधिक उपयुक्त तथा बेहतर है। ये कुञ्जियाँ कुञ्जीपटल पर ऊपर नीचे होने से इन्हें बिना देखे ही दबाया जा सकता है, जिस कारण काम काफी आसान हो जाता है तथा कॉन्फ्लिक्शन वाली समस्या भी नहीं आती। भाषा बदलने हेतु यह कुञ्जी-संयोजन अधिक सुविधाजनक, त्रुटिहीन तथा समस्यारहित है।

CTRL + SHIFT कुञ्जी संयोजन का प्रयोग एक ही भाषा के एकाधिक कुञ्जीपटों को स्विच करने हेतु होता है। अब एक प्रयोक्ता को एक ही भाषा के कुञ्जीपट विन्यास (keyboard layout) बदलने की जरुरत कुछ विशेष परिस्थितियों को छोड़कर पड़ती नहीं। अतः इन दोनों डिफॉल्ट कुञ्जी संयोजनों को परस्पर बदल देना चाहिए अर्थात भाषा बदलने के लिए CTRL + SHIFT तथा कुञ्जीपट विन्यास बदलने के लिए ALT + SHIFT.

» Text services and input language विण्डो के Settings टैब में Preferences नामक फ्रेम के अंतर्गत Key Settings नामक बटन दबाएँ।

Winxp_CtrlPanel_Lang_KeySettings_1

इससे Advanced key settings नामक बॉक्स प्रकट होगा।

Winxp_CtrlPanel_Lang_KeySettings_2

» इसमें Change Key Sequence बटन दबाएँ, संबंधित बॉक्स प्रकट होगा।

Winxp_CtrlPanel_Lang_KeySettings_3

यहाँ Switch input languages हेतु कुञ्जी-संयोजन Left ALT + SHIFT है, इसे विकल्प बदलकर CTRL + SHIFT कर लें, Switch keyboard layouts हेतु कुञ्जी-संयोजन स्वतः बदल जाएगा।

Winxp_CtrlPanel_Lang_KeySettings_4

बस अब CTRL + SHIFT दबाकर हिन्दी-अंग्रेजी में कूदना बिल्कुल आसान, मजे से हिन्दी लिखिए। आप ALT + SHIFT द्वारा कीबोर्ड भी बदल सकते हैं। एक ही भाषा के कुञ्जीपट बदलने की जरुरत कुछ विशेष परिस्थियों में ही पड़ सकती है। उदाहरण के लिए, मैं इनस्क्रिप्ट प्रयोग करता हूँ। मेरे कंट्रोल पैनल में हिन्दी के तीन कुञ्जीपट हैं: Hindi Traditional, Devanagari - INSCRIPT तथा Hindi Indic IME.

इनमें से मैं आमतौर पर Hindi Traditional तथा कभी-कभार संस्कृत अथवा देवनागरी के कुछ अन्य वर्ण टंकित करने हेतु Devanagari - INSCRIPT का प्रयोग करता हूँ। इसके अतिरिक्त कुछ प्रोग्रामों जैसे याहू मैसेंजर तथा स्काइप आदि में केवल Indic IME ही चलता है तो वहाँ उसका प्रयोग करता हूँ। इन तीनों कुञ्जीपट में स्विच करने के लिए ALT + SHIFT का प्रयोग किया करता हूँ।

वैसे मेरा विचार है कि प्रोग्रामिंग तथा स्क्रिप्टिंग आदि द्वारा इन चरणों को स्वचालित किया जा सकता है। हमारे चिट्ठाकार साथी हिमांशु सिंह ने इस दिशा में कार्य किया भी है, इस संबंध में अगले किसी लेख में जानकारी दूँगा।

आभार: हरिराम जी का जिन्होंने सर्वप्रथम डिफॉल्ट कुञ्जी-संयोजन बदलने संबंधी उपयोगी टिप दी।

संबंधित प्रविष्टियाँ

संबंधित कड़ियाँ

Tuesday 25 September 2007

गूगल लेकर आया ऑर्कुट में हिन्दी टाइपिंग औजार

अब ऑर्कुट हुआ संपूर्ण हिन्दीमय

Google's Hindi Typing tool (Indic Transliteration tool) integrated in Orkut. Now scrap in Hindi on Orkut easily.

लो जी अब गूगल बाबा ऑर्कुट में इण्डिक टूल लेकर आए हैं। अब आप ऑर्कुट में सीधे हिन्दी में स्क्रैप लिख सकते हैं, बिना किसी IME या ऑनलाइन औजार से कॉपी-पेस्ट के झंझट के। बस स्क्रैपबॉक्स के ऊपर Type in Hindi नामक चैकबॉक्स को चिह्नित कीजिए अथवा Ctrl + g कुञ्जियाँ दबाइए तथा शुरु हो जाइए। यह फोनेटिक टूल है अर्थात मेरा भारत महान लिखने के लिए mera bhart mhan टाइप करें, यह लिप्यंतरित (Transliterate) होकर खुद ही हिन्दी में छप जाएगा।

Google Indic Tool_Orkut_Hindi Scrap

हाल ही में ऑर्कुट हिन्दीमय हुआ था और अब हिन्दी में स्क्रैप करने की सुविधा तो सोने पर सुहागा है। एक तो इससे अपने पीसी से दूर होने पर कहीं से भी हिन्दी में स्क्रैप कर सकेंगे दूसरे कई लोग जो हिन्दी टाइपिंग विधि से अनभिज्ञ हैं, हिन्दी में आसानी से लिख सकेंगे। मेरे चिट्ठे पर अक्सर type Hindi in Orkut, Scrap in Hindi जैसी सर्च टर्म आती हैं जिनसे पता चलता है कि ऐसे बहुत से लोग हैं जो ऑर्कुट पर हिन्दी लिखना चाहते हैं लेकिन इसके लिए उपयुक्त जानकारी नहीं रखते।

इसके लिए आप अपना प्रोफाइल सम्पादित करें तथा हिन्दी को बोली जाने वाली भाषाओं की सूची (Languages that I speak) में शामिल करें। अब किसी भी मित्र के स्क्रैपबॉक्स में हिन्दी टाइपिंग औजार उपलब्ध हो जाएगा।

हाल ही में गूगल बाबा ने इण्डिया लैब्स खोली थी वो गुल खिलाने लगी है। उम्मीद है गूगल का इण्डिक टूल (जो कि सबसे पहले ब्लॉगर में आया था) अब धीरे-धीरे गूगल सर्च, जीमेल, गूगल टॉक आदि समेत सभी गूगल सेवाओं में आएगा। इण्डिया लैब्स की मेलिंग लिस्ट पर हर तीसरी-चौथी मेल में इण्डिक टूल को जीमेल और गूगल टॉक में उपलब्ध करवाने हेतु अनुरोध होता है। मेरा पुराना सपना है कि ये टूल गूगल हिन्दी सर्च पेज पर उपलब्ध हो। खैर बाकी चीजों में ये शायद जल्दी ही आ चाए लेकिन सर्च पेज पर आने में अभी काफी समय लग सकता है।

बाकी गूगल के इण्डिक ट्राँसलिट्रेशन टूल का तो कहना ही क्या, यह अब तक के लिप्यंतरण आधारित तमाम फोनेटिक टाइपिंग औजारों में कमाल का है। इसकी विस्तृत समीक्षा अलग से एक लेख में करुँगा।

पुनश्च: यदि आप ऑर्कुट का प्रयोग करते हैं तो ऑर्कुट हिंदी समुदाय में शामिल हों।

via: मजेदार समाचार

संबंधित कड़ियाँ

Wednesday 19 September 2007

विण्डोज एक्सपी में इण्डिक सपोर्ट सक्षम करना (भाग-1)

विण्डोज एक्सपी में कॉम्प्लैक्स टैक्स्ट लेआउट हेतु समर्थन स्थापित करना

Enabling Indic Support (Complex Text Layout Support) in Windows XP

विण्डोज एक्स पी में हिन्दी सहित अनेक भारतीय भाषाओं हेतु समर्थन अंतर्निमित है। यह इस कार्य के लिए यूनिकोड एन्कोडिंग प्रणाली का उपयोग करता है। अतः पुराने ऑपरेटिंग सिस्टमों यथा विण्डोज 98, ME आदि पर भारतीय भाषाओं हेतु अंतर्निमित समर्थन नहीं है। नवीनतम विण्डोज विस्टा में यह अंतर्निमित है तथा स्वतः इंस्टाल रहता है। अन्य नए ऑपरेटिंग सिस्टमों जैसे विण्डोज 2000 तथा एक्स पी में यह अंतर्निमित तो होता है लेकिन कंट्रोल पैनल में सक्षम करना पड़ता है। ऐसा किए बगैर केवल इंटरनैट एक्सप्लोरर में ही हिन्दी सही रुप से प्रदर्शित हो पाती है। यद्यपि विण्डोज एक्सपी में मंगल नामक फॉण्ट पहले से स्थापित होता है लेकिन हिन्दी टैक्सट के सही तरीके से प्रदर्शन (display) तथा संपादन (editing) हेतु यह आवश्यक है कि आप कंट्रोल पैनल में Complex Text Layout हेतु समर्थन स्थापित करें। सभी कीबोर्ड ड्राइवर तथा इनपुट मैथड एटीटर भी ऐसा करने पर ही सही तरीके से कार्य कर सकते हैं।

इस लेख में विण्डोज एक्सपी में कॉम्पलैक्स टैक्स्ट लेआउट सपोर्ट इंस्टाल करने बारे जानकारी दी जा रही है। अगले लेखों में इण्डिक सपोर्ट के अन्य पहलुओं बारे जानकारी दी जाएगी।

» Start -> Control Panel में जाएँ

» अगर आप Category View देख रहे हैं तो Date, Time, Language and Regional Options नामक आइकॉन पर क्लिक करें तत्पश्चात Regional and Language Options चुनें। अगर आप Classic View देख रहे हैं तो Regional and Language Options नामक आइकॉन पर क्लिक करें।

या फिर इस काम को थोड़ा स्मार्ट तरीके से करने के लिए Windows Key+R दबाएँ, इससे RUN बॉक्स आ जाएगा, उसमें intl.cpl @0,1 टाइप कर एंटर दबाएँ। :)

» जो विण्डो खुले उसमें Languages टैब चुनें।

Winxp_CtrlPanel_Lang

» Supplemental language support नामक शीर्षक के नीचे Install files for Complex Script and right-to-left languages (including Thai) नामक विकल्प को चुनें।

एक संदेश (confirmation message) आएगा।

Winxp_CtrlPanel_Lang_Msg

यहाँ OK पर क्लिक करें। आपसे विण्डोज एक्सपी की सीडी मांगी जाएगी। सीडी डाल दें, ऑपरेटिंग सिस्टम विण्डोज सीडी से आवश्यक फाइलें स्थापित करेगा, अंत में आपसे विण्डोज रीस्टार्ट करने के लिए कहा जाएगा। रीस्टार्ट के उपरांत आपके कम्प्यूटर में Complex Text Layout के लिए समर्थन स्थापित हो जाएगा। अब आपका कम्प्यूटर हिन्दी एवं अन्य भारतीय भाषाओं में काम करने के लिए तैय्यार है।

आगामी लेख में जानिए कंट्रोल पैनल में इनपुट भाषा (हिन्दी) एवं उसका कीबोर्ड जोड़ना।

संबंधित कड़ियाँ

हाल की प्रविष्टियाँ